सीहोर

Budni Triple Murder: बेटे को बचाने उठे पिता मच्छरदानी में उलझकर गिरे, खटिया के नीचे मिला शव, बिस्तर पर पड़ी थी मां

Budni Triple Murder Update: मध्य प्रदेश के बुदनी में मीणा परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला अब भी अनसुलझा है। गरीब परिवार को निशाना बनाने के पीछे की वजह पुलिस तलाश रही है।
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 12:29 PM IST
Budni Triple Murder Update
Budni Triple Murder Update: मीणा परिवार हत्या मामले में पुलिस पूछताछ में सामने आए अहम तथ्य (फोटो सोर्स- Patrika)

Budni Triple Murder Update: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी के माना में मीणा परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। ट्रिपल मर्डर को गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस हर संभावित एंगल पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में लूट, चोरी और नशे जैसी वजहों की आशंका सामने आती है, लेकिन इस मामले में घटनास्थल और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए इन बिंदुओं पर पुलिस को फिलहाल कोई ठोस आधार नहीं मिला है।

परिवार की आर्थिक हालात थी कमजोर, खाने को नहीं था पर्याप्त खाना

पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक मीणा दंपत्ति की आर्थिक स्थिति सामान्य से कमजोर थी। परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान में रह रहा था। घर की तलाशी के दौरान महिला के पास कोई विशेष कीमती ज्वैलरी नहीं मिली। वहीं, घर में रखा टीवी और फ्रिज भी पुराने और खराब हालत में मिले। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि बदमाशों के लिए लूट या डकैती के उद्देश्य से घर में घुसकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देते। पुलिस को घर में खाने-पीने का सामान भी पर्याप्त नहीं मिला है। इससे परिवार की आर्थिक तंगी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस पूछताछ में अब तक सामने नहीं आ पाया कारण

पुलिस ने नशे को भी संभावित वजह मानकर पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन सामने आया कि परिवार नशे का आदी नहीं था और उसका व्यवहार शांत प्रवृत्ति का था। पड़ोसियों के अनुसार परिवार के सदस्यों के बीच भी अच्छे संबंध थे। ऐसे में पारिवारिक विवाद और नशे से जुड़ी आशंकाओं को लेकर भी फिलहाल कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। यही वजह है कि पुलिस के सामने मकसद पता लगाना बड़ी चुनौती बन गया है।

पीएम रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सीहोर से एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की स्थिति का जायजा लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मीणा परिवार वर्ष 2014 से माना में रह रहा था। पुलिस परिवार की पृष्ठभूमि, संपर्क और संभावित विवादों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल जांच में कोई निर्णायक सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की बात कह रही है।

एक से अधिक आरोपियों की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में वारदात को एक से अधिक आरोपियों द्वारा किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस को संदेह है कि घटना में दो से तीन आरोपी शामिल हो सकते हैं। घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी घर के आगे वाले गेट से दाखिल हुए थे। गेट खुलते ही उन्होंने सबसे पहले बेटे अश्विन मीणा (24) को निशाना बनाया फिर मां राधा मीणा (40) और पिता राकेश मीणा (45) को हमला किया।

पिता ने उठने का प्रयास किया लेकिन मच्छरदानी में उलझकर गिरा

बताया जा रहा है कि आहट सुनकर पिता ने उठने का प्रयास किया, लेकिन मच्छरदानी में उलझकर जमीन पर गिर गए। पहले से घायल होने के कारण माता-पिता को बचाव या भागने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद आरोपी मकान के पीछे वाले गेट से निकलकर रेलवे ट्रैक की ओर भागे होंगे। हालांकि, आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी संख्या को लेकर अभी जांच जारी है।

दोपहर में दिखा था बेटा, फिर नहीं मिली खबर

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि 16 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे पड़ोसी ने अश्विन को देखा था। वह हाट बाजार में दुकान लगाने के लिए जूते-चप्पलों का सामान लेकर आया था। इसके बाद परिवार का कोई सदस्य दिखाई नहीं दिया। बुधवार सुबह घर की बकरियां बाहर घूमती मिलीं। पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। वे घर पहुंचे तो तीनों संदिग्ध अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

बेटा दरवाजे पर, पिता खटिया के नीचे मिले

मकान के दोनों ओर दरवाजे हैं। पुलिस को दोनों खुले मिले। अश्विन की डेड बॉडी सामने वाले दरवाजे के पास पड़ी थी। आशंका है कि रात में किसी आहट पर वह दरवाजा खोलने पहुंचा होगा और इसी दौरान उस पर हमला हुआ। वहीं, राकेश खटिया के नीचे मच्छरदानी में उलझा मिला। राधा बिस्तर पर पड़ी थीं। तीनों के सिर पर गंभीर चोटें थीं। हमले इतने घातक थे कि सिर की हड्डियां तक कई टुकड़ों में बंट गईं।

पड़ोसियों की मदद से चल रहा था गुजारा

पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार सीधा-सादा था और आर्थिक स्थिति कमज कमजोर थी। राकेश और राधा पहले मजदूरी करते थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने हाट बाजार में जूते-चप्पलों की दुकान लगाना शुरू किया था। 23 अक्टूबर को हुए सड़क हादसे में राधा का हाथ और राकेश का पैर फ्रैक्चर हो गया था। सर्जरी के दौरान दोनों के शरीर में इम्प्लांट लगाए गए थे। चोटों के कारण वे दुकान लगाने और सामान्य काम करने की स्थिति में नहीं थे। परिवार का गुजारा पड़ोसियों की मदद से हो रहा था।

Updated on:
19 Nov 2026, 12:29 PM IST
Published on: