बीती रात खाना खाने का कहकर निकले थे दोनों..सुबह तक घर नहीं पहुंचे तो पुलिस को दी सूचना..
सीहोर. सीहोर में तहसीलदार नरेन्द्र सिंह ठाकुर और पटवारी महेन्द्र रजक के अचानक लापता हो जाने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक तहसीलदार व पटवारी दोनों ही सोमवार की रात घर से बाहर खाना खाने जाने की बात कहकर निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। सुबह तक दोनों के वापस न लौटने पर परिजन को चिंता हुई और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही है लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है।
तहसीलदार-पटवारी लापता
सीहोर के मंडी थाने में मंगलवार को सुबह जैसे ही तहसीलदार और पटवारी के लापता होने की खबर मिली तो हड़कंप मच गया। बताया गया है शाजापुर जिले की मोहनपुर बढ़ोदिया में पदस्थ तहसीलदार नरेन्द्र सिंह ठाकुर व नसरुल्लागंज तहसील में पदस्थ पटवारी महेन्द्र रजक सोमवार की रात अपने दो दोस्तों महेन्द्र शर्मा और राहुल आर्य के साथ बाहर खाना खाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। ये भी जानकारी लगी है कि पटवारी और तहसीलदार एक ही कार में सवार थे और रफीकगंज स्थित तरुण सिंह के फॉर्म हाउस पर उनकी पार्टी थी। लेकिन मंगलवार की सुबह दोनों वापस घर नहीं पहुंचे हैं।
सर्चिंग जारी, नहीं मिला सुराग
तहसीलदार व पटवारी के एक साथ लापता हो जाने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। नदी में बहे होने की आशंका के चलते शहर के नजदीक ही सीवन नदी के करबला पुल और काहिरी में पुलिस और होमगार्ड के जवान सर्चिंग कर रहे हैं। बीती रात को तेज बरसात से नदी नाले उफान पर थे, इसलिए पानी में बहने की आशंका पुलिस जता रही है। पुलिस ने तहसीलदार और पटवारी की सोमवार रात की लोकेशन निकाली, जिसमें रात 11 बजे के आसपास उनका वाहन सीहोर के इंदौर नाका के पास होना पाया गया है। इसके बाद आगे वह किधर गए, उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस दोनों की कॉल डिटेल निकालने के साथ ही अन्य जांच पड़ताल कर रही है।