
सिवनी. कोतवाली थाना क्षेत्र में विगत दिनों दुकान में की गई फायरिंग का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। प्रापर्टी को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने फायरिंग की थी। इसके लिए भोपाल से शूटर बुलाए गए थे। एसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि 12 जून को सुनारी मोहल्ला निवासी प्रार्थी शैलेन्द्र चौरसिया ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अज्ञात युवकों के द्वारा फायरिंग की गई
घर से सटे दुकान में 11-12 जून की दरमियानी रात अज्ञात युवकों के द्वारा फायरिंग की गई थी। गोली शटर को चीरते हुए दुकान के अंदर घर में प्रवेश कर गई थी। बुलेट का निशान जहां लगा था उसी स्थान पर प्रार्थी सोया करता था। गनीमत रही कि प्रार्थी को गोली नहीं लगी। पुलिस को फरियादी शैलेन्द्र ने बताया कि उनकी एक विवादित प्रापर्टी छिंदवाड़ा चौक में है, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए है, लेकिन फरियादी के अपने सगे परिजनों के द्वारा उस प्रापर्टी पर कब्जा किया गया है। मामला कोर्ट में चल रहा है। फरियादी ने विवाद से परेशान होकर प्रापर्टी किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने के लिए एग्रीमेंट किया था। जिसमें आरोपी अमन चौहान एवं गौरव दीक्षित भी प्रापर्टी बिकने पर लाभ लेना चाहता था। आरोप है कि प्रार्थी को प्रापर्टी के कब्जेधारी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। जिसकी जानकारी आरोपी अमन एवं गौरव को लगी। इसी का फायदा उठाकर दोनों ने योजना बनाई और भोपाल से दो शूटर आरोपी निखिल वाथम और गोलू अहिरवार को सिवनी बुलाया और 11-12 जून की दरमियानी रात निखिल एवं गोलू फरियादी के दुकान के बाहर बाइक से पहुंचे और निखिल ने देशी पिस्टल से फरियादी के घर पर ऐसे स्थान पर फायर किया जहां वह सोता था, लेकिन घटना के दिन फरियादी वहां सोया हुआ नहीं था। जिससे उसकी जान बच गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिली पुलिस को मदद
घटना के बाद कोतवाली पुलिस एवं गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगभग 50 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की। इसके अलावा अन्य स्थानों पर जाकर अज्ञात आरोपी का पता किया। जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। घटना का मुख्य आरोपी एवं साजिशकर्ता गौरव दीक्षित फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि आरोपी गौरव दीक्षित एवं घटना के मुख्य शूटर निखिल वाथम भोपाल में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में आरोपी शूटर निखिल वाथम(25) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, निशांतपूरा भोपाल(पूर्व से मारपीट एवं आबकारी के मामले दर्ज), गोलू अहिरवार(25), निशांतपूरा, भोपाल निवासी(पूर्व में भोपाल में मारपीट का मामला दर्ज), अमन चौहान(28) निवासी भैरोगंज, सिवनी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हाउसिंग बोर्ड सिवनी निवासी आरोपी गौरव दीक्षित(30) फरार है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए बाइक, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल जब्त किया है। घटना का खुलासा करने में एसडीओपी सचिन परते, निरीक्षक सतीश तिवारी, प्रआर मुकेश गोडाने, सिद्धार्थ दुबे, सतीश इनवाती, प्रतीक बघेल शामिल रहे।