हमले में सुनील निवारे को गंभीर चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल कुरई उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सिवनी. दक्षिण सामान्य वन मंडल अंतर्गत कुरई परिक्षेत्र में सोमवार सुबह भालू के हमले में एक युवक घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार बाबई निवासी सुनील निवारे (38) सुबह लगभग 10 बजे तेंदूपत्ता तोडऩे जंगल गए हुए थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सुनील निवारे को गंभीर चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल कुरई उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
परिक्षेत्र अधिकारी राहुल धारू ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया है। वन विभाग द्वारा मामले की निगरानी की जा रही है।
लकड़ी का अवैध परिवहन करने पर पिकअप जब्त
सिवनी के सामान्य वन परिक्षेत्र के गोपालगंज सर्किल अंतर्गत ग्राम पलारी स्थित शनि मंदिर के पास वन विभाग की टीम ने सोमवार सुबह गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में कथित जलाऊ लकड़ी जब्त कर कार्रवाई की। वन विभाग के अनुसार यह सामग्री विलुप्त प्रजाति से संबंधित बताई जा रही है और उसका अवैध परिवहन किया जा रहा था। उपवन क्षेत्रपाल परिक्षेत्र सहायक गोपालगंज हरवेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि पलारी शनि मंदिर से नेशनल हाईवे-44 मार्ग पर स्थित मंदिर के पास गश्त के दौरान पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में बड़ी मात्रा में लकड़ी भरी हुई थी। वनकर्मियों द्वारा वाहन चालक से वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद वन विभाग ने वाहन सहित सामग्री को जब्त कर लिया। वन विभाग ने बताया कि जंगल एवं निजी राजस्व भूमि से अवैध रूप से लकड़ी कटाई और अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपवन क्षेत्रपाल हरवेंद्र सिंह बघेल, वनरक्षक एवं बीट प्रभारी गुरु प्रसाद जंघेला, कार्यवाहक वनपाल कपिल सनोडिया तथा शिवलाल काकोडिया की विशेष भूमिका रही। वन अधिकारियों ने किसानों और ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने खेतों एवं बाडिय़ों में स्थित वृक्षों की कटाई बिना अनुमति किसी व्यापारी से न करवाएं और न ही बेचें। यदि अवैध रूप से वृक्ष कटाई करवाई जाती है तो संबंधित कृषकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कुछ व्यापारी कम दाम में वृक्ष खरीदकर अवैध कटाई करवाते हैं, जिससे पर्यावरण असंतुलन की स्थिति उत्पन्न होती है।
रिसॉर्ट में हुई घटना को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
सिवनी के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कलबोड़ी सुकतरा स्थित सुकतरा-बादलपार मार्ग पर हवाई पट्टी से लगे शांति वन रिसार्ट होटल में एक नाबालिग से दुष्कर्म की घटना को लेकर सोमवार को ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि यह एक गंभीर एवं शर्मनाक घटना है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र एवं समाज को झकझोर कर रख दिया है। होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। इसकी शिकायत भी कई बार की गई, लेकिन समय पर सख्त कार्यवाही नहीं हुई। ऐसे में गंभीर घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने घटना की जांच कर दोषियों पर कठारे कार्यवाही करने, जिले के सभी होटल, रिसॉर्ट, ढाबों की जांच कराने एवं अवैध गतिविधियां संचालित होते पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने, विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास संचालित ऐसे प्रतिष्ठानों की विशेष निगरानी करने, महिलाओं एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान एवं नियमित गश्त करने, रिसॉर्ट को जांच में सही पाए जाने पर निर्माण को ध्वस्त करने सहित अन्य मांग की।