महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विवेक सम्मान न्यास मंच द्वारा छात्रों, खिलाडिय़ों को पुरस्कृत और स्वतंत्रता सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं को शॉल व श्रीफल से सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्य सूचना आयुक्त केडी खान, विधायक दिनेश राय मुनमुन, विधायक कमल मर्सकोले, विधायक रजनीश सिंह ठाकुर, कलेक्टर भरत यादव सहित अन्य जन मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य सूचना आयुक्त केडी खान ने कहा कि शिक्षकों को बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का प्रयास करना चाहिए। सभी को अपने माता-पिता की इज्जत करना चाहिए, उनकी दुआएं ही काम आती हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल अच्छे कार्य हेतु करें, बरे कार्य के लिए नहीं। विधायक कमल मर्सकोले ने सम्मान समारोह के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्कूलों में पढ़कर भी छात्र-छात्राएं आगे बढ़ सकते हैं, उनमें दृढ़ शक्ति होना चाहिए।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि आगे बढऩे के लिए लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, तभी शिखर पर पहुंचा जा सकता है। डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान करना इस देश की संस्कृति है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि मेहनत से देश के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं। विधायक रजनीश सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम में प्रतिवर्ष छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाता है। यह सराहनीय है। कलेक्टर भरत यादव ने कहा कि 3 वर्ष से विवेक सम्मान न्यास में शामिल होने का मौका मिल रहा है। अतिथि के तौर पर प्रतिभाओं को सम्मानित करके स्वयं को सम्मानित होने का अनुभव होता है।