
collecting taxes from diya sellers: सिवनी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले कुम्हार और माटी के दीये व बर्तन बेचने वालों की दुकानें शहर के मठ मंदिर तालाब के किनारे लगी हैं। इन छोटे-छोटे दुकानदारों से नगर पालिका (Seoni Municipal Corporation) प्रशासन दुकान लगाने का टैक्स वसूल रही है। जबकि हर वर्ष प्रशासन इनको दुकान लगाने पर टैक्स वसूली से राहत देता है। गुरुवार को जब भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन और स्थानीय भाजपा नेता व पार्षद इन दुकानों पर पहुंचे तो दुकानदारों ने उनसे वसूले जा रहे टैक्स को लेकर नाराजगी जताई।
दुकानदारों ने उन्हें बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा उनसे रोजाना ही टैक्स वसूला जा रहा है। इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने तुरंत कलेक्टर से फोन पर बात कर टैक्स माफी की मांग की, ताकि स्वदेशी उत्पाद बेचने वाले स्थानीय कुम्भकारों और दुकानदारों को राहत मिल सके। (mp news)
दीपावली के लिए दीपक और अन्य मिट्टी के बर्तनों की मठ मंदिर क्षेत्र में लगी दुकानों से स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करते भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कविता शर्मा, रुकमणि सनोडिया, अनीता राठौर, किरण वाहने ने कहा कि इन दुकानदारों से ही त्योहार में खरीदी करना चाहिए। यह कदम आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय रोजगार के लिए वोकल अभियान की भावना को सशक्त बनाता है।
गौरतलब है कि सिवनी लोकसभा, विधानसभा से लेकर नगर पालिका परिषद तक वर्तमान में भाजपा की सरकार है। नगर पालिका में कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर ज्ञानचंद सनोडिया जिम्मेदारी सम्भाल रहे हैं। ऐसे में भी नगरीय क्षेत्र में दीये बेचने वालों पर भी प्रशासन वसूली का डंडा चला रहा है। ऐसे में कांग्रेस नेता व गुरुनानक वार्ड पार्षद राजिक अकील ने कहा कि नगर पालिका खुद वसूली करती है। जबकि नगर पालिका अध्यक्ष भाजपा के हीं है, फिर ये दिखावा क्यों हो रहा है। इस टैक्स वसूली को तत्काल रोका जाना चाहिए।