सिवनी

झमाझम बारिश से शहर तरबतर, गिरा मकान

निचले नालियों में भरा रहा पानी, दमकल की मदद से नाली की हुई सफाई
2 min read
• •
Updated: 8 Jul 2018, 1:32 PM IST
Weather, rain, water, problem, damaged houses, housing scheme, CM, PM, Modi
झमाझम बारिश से शहर तरबतर, गिरा मकान

सिवनी. पिछले दो-तीन दिनों से जिले भर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो रही है। शुक्रवार को शहर समेत लखनादौन, छपारा व आसपास के अनेक ग्राम क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। शहर में शुक्रवार और शनिवार को 55.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बारिश से जहां अनेक निचले क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई वहीं शनिवार को शहर के अनेक वार्डों की नालियों में पानी भरे रहने के कारण नगर पालिका प्रशासन की साफ-सफाई व्यवस्था की कलई खुल गई।
नगर के टैगोरवार्ड राजपूत कॉलोनी स्थित न्यायालय आवासीय परिसर के प्रवेश द्वार के सामने की नाली पानी से भरी रही। इसकी साफ-सफाई के लिए यहां फायर ब्रिगेड वाहन के पाइप के माध्यम से पानी को प्रेशर से नाली में डाला गया जिससे नाली में जमा कचरा बाहर निकला। इसके साथ ही शनिवार को दोपहर के समय खुले मौसम में लोग गर्मी और उमस से परेशान दिखे। शनिवार को अधिकतम तापमान 31 सेल्सियश डिग्री व न्यूनतम 24 सेल्सियस डिग्री रहा।
बारिश के बाद धराशाही हुआ मकान
छीतापार. सिवनी जिले के अंतिम छोर में बसे घंसौर में लगातार हो रही तेज बारिश के बाद स्थानीय पुराने बस स्टैंड के पास शिमला पिता राजेंद्र जैन का मकान धराशाही हो गया। शुक्रवार एवं शनिवार रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नही है । हालांकि अचानक गिरे मकान से जैन परिवार सदमें में है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले भर में आगामी दो-तीन दिनों में अत्यधिक बारिश होने की सम्भावनाएं जताई जा रही है। सिवनी से लगे महाराष्ट्र राज्य के नागपुर जिले में मूसलाधार बारिश हुई है। वहीं सिवनी जिले में भी काले-काले बादलों का जमावड़ा काफी संख्या में हुआ है। हालांकि रविवार को दोपहर तक तेज धूप रही। रोज की तरह शाम होते ही हल्की फुल्की बारिश के तेज बारिश की सम्भानाएं जताई जा रही हैं।

Published on: