दो शिफ्ट में चल रहा स्कूल, 599 विद्यार्थी अध्ययनरत
सिवनी. शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक सीएम राइज योजना के अंतर्गत सिवनी मुख्यालय में खुले सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थी तीन सत्र से सुविधाओं की राह दे रहे हैं। दरअसल लगभग डेढ़ साल से भवन बनाने का कार्य चल रहा है। 43 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे भवन का लगभग 60 प्रतिशत कार्य ही अब तक हो पाया है। जिस तरह की गति है उससे अप्रेल 2025 तक भी कार्य पूरा होने की उम्मीद नहीं लग रही है। ऐसे में अगले सत्र में भी विद्यार्थी नए भवन में अध्ययन नहीं कर पाएंगे। भवन बनने के बाद ही विद्यार्थियों को नए भवन में अध्ययन करने को मिलेगा। तब तक विद्यार्थियों को अधूरी सुविधाओं के बीच पढऩा होगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में सिवनी मुख्यालय में सीएम राइज स्कूल की सौगात मिली थी। स्कूल में वर्ष 2022, 2023 के बाद 2024 में दाखिला प्रक्रिया भी हो चुकी है और डूंडासिवनी में पुराने स्कूल भवन में क्लास लग रही है। तब से अब तक दो सत्र बीत चुके हैं और तीसरा सत्र चल रहा है। वर्तमान में स्कूल में 599 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। हालांकि जब स्कूल खोला गया था तो शासन ने यह दावा किया था कि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। प्राइवेट स्कूल की दर्ज पर अध्यापन होगा, लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है। जानकारों का कहना है कि शासन को पहले सुविधाएं जुटानी थी। इसके बाद विद्यार्थियों का दाखिला करना था। सुविधा न होने की वजह से विद्यार्थी बढऩे के बजाए घटने लगेंगे।
सरकार की यह है योजना
सीएम राइज स्कूल को सर्वसुविधायुक्त और संसाधन संपन्न बनाया जाएगा। योग्य और कुशल, परिश्रमी और समर्पित शिक्षकों की व्यवस्था कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की व्यवस्था की जाएगी। सीेएम राइज स्कूल में स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला, खेल मैदान सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शासकीय स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाया जाएगा। स्कूलों के सुदढ़ीकरण विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सीएम राइज योजना के अंतर्गत कई कार्य होने है। इससे विद्यार्थी बेहतर बनेंगे।
दो शिफ्ट में चल रहा स्कूल
वर्तमान में सीएम राइज स्कूल पुराने माध्यमिक एवं हाईस्कूल भवन में संचालित हो रहा है। एक बिल्डिंग में तीन एवं दूसरे में सात कमरे हैं। ऐसे में सीएम राइज स्कूल प्रबंधन को केजी वन से 12वीं कक्षा तक स्कूल का संचालन इन्हीं दो भवन में दो शिफ्ट में करना पड़ रहा है। एक शिफ्ट सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और फिर दूसरा शिफ्ट दोपहर 12.30 से शाम 5.30 बजे तक संचालित हो रहा है। इस समय शाम जल्दी हो जाने से दूसरे शिफ्ट के विद्यार्थी अंधेरा होने पर घर पहुंच रहे हैं। स्कूल में अभी केवल हिंदी माध्यम से ही पढ़ाई हो रही है। स्कूल में अभी प्रर्याप्त शिक्षक भी पदस्थ नहीं हुए हैं। अतिथि शिक्षकों के भरोसे काम चल रहा है। बताया जाता है कि जब तक नया भवन नहीं बन जाता तब तक शिक्षा विभाग यहां शिक्षकों को पदस्थ करने के मूड में दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में जल्द से जल्द भवन की दरकार है।
वर्ष 2023 से शुरू हुआ निर्माण
शासन ने वर्ष 2022 में सिवनी में सीएम राइज स्कूल की सौगात दी। वर्ष 2023 में कंडीपार में 43 करोड़ रुपए की लागत से भवन बनने का कार्य शुरु हुआ। भवन 60 प्रतिशत बन चुका है। हालांकि अब भी कई कार्य शेष है। जिसे पूरा करने में काफी समय लग जाएगा। भवन में 57 कमरे होंगे। इसमें कई सुविधाएं भी होंगी। हालांकि तब तक विद्यार्थियों को इंतजार करना होगा। जबकि जरूरी यह था कि पहले भवन बन जाता इसके बाद दाखिला प्रक्रिया होता।
वाहन की सुविधा भी नहीं
शासन ने सीएम राइज स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्कूल बस की भी सुविधा देने की बात कही थी, लेकिन अब तक यह योजना भी परवान नहीं चढ़ पाई। बताया जाता है कि प्रर्याप्त किराया न मिलने की वजह से कोई भी इसमें दिलचस्पी नहीं ले रहा है।
इनका कहना है…
भवन का काफी काम हो चुका है। जल्द ही उम्मीद है कि हमलोग नए भवन में शिफ्ट हो जाएंगे। विद्यार्थियों को पूरी सुविधाएं मिलेंगी।
विमल ठाकुर, प्राचार्य, सीएम राइज स्कूल, सिवनी