
सिवनी. ईरान युद्ध की वजह से एलपीजी की किल्लत बनी हुई है। हालांकि जिले में अभी स्थिति कुछ ठीक है, लेकिन बेहतर नहीं है। प्रशासन का दावा है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की प्रर्याप्त आपूर्ति हो रही है। वहीं दूसरी तरफ बुकिंग के 11 दिन बाद भी घरों तक सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में लोग परेशान हो रहे हैं। यह बात अलग है कि होटल, ढाबों एवं सडक़ किनारे दुकानों में धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल हो रहा है। कालाबाजारी बढ़ गई है। 1300 रुपए तक घरेलू गैस सिलेंडर बेचा जा रहा है। हालांकि कई जगह होटल एवं ढाबा संचालकों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद हो जाने से दूसरे विकल्प भी तलाश लिए हैं। लकड़ी, कोयला और इलेक्ट्रिक चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने काफी समय से बुकिंग नहीं कराई थी, लेकिन अब वे भविष्य को लेकर चिंतित हैं और जरूरत न होने के बावजूद भी बुकिंग करा रहे हैं। जिससे थोड़ी परेशानी हो रही है।
होटल, ढाबा व चाय स्टॉल से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
कलेक्टर शीतला पटले के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग, कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम के लिए जिले में सतत निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को विभिन्न स्थानों पर प्रशासनिक टीम द्वारा निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। बरघाट क्षेत्र में एसडीएम के निर्देशानुसार होटल एवं ढाबों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गुरु कृपा होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग किया जाना पाया गया, जिस पर तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक तथा पुलिस के सहयोग से सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं ग्राम मैरा में दिलीप साहू की चाय स्टॉल से 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसी प्रकार तहसील केवलारी के ग्राम पलारी स्थित पप्पू होटल का निरीक्षण करने पर वहां भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिला प्रशासन द्वारा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग न करने की समझाइश दी गई है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
Published on:
16 Mar 2026 01:50 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
