16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बकाएदारों ने जांच टीम देखकर जमा की राशि, 225 के कटे कनेक्शन

छह विद्युत चोरी करते पाए गए, ढाई करोड़ की बकाया राशि लंबित सिवनी. विद्युत वितरण केंद्र लखनादौन अंतर्गत बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता पीके गेडाम एवं कार्यपालन अभियंता चतुर्भुज पटेल लखनादौन के निर्देशन में लखनादौन वितरण केन्द्र के बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्रभावी कनेक्शन विच्छेदन […]

2 min read
Google source verification

छह विद्युत चोरी करते पाए गए, ढाई करोड़ की बकाया राशि लंबित

सिवनी. विद्युत वितरण केंद्र लखनादौन अंतर्गत बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता पीके गेडाम एवं कार्यपालन अभियंता चतुर्भुज पटेल लखनादौन के निर्देशन में लखनादौन वितरण केन्द्र के बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्रभावी कनेक्शन विच्छेदन एवं वसूली कार्रवाई के लिए रविवार को विशेष 6 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में संभाग के अन्य वितरण केंद्रों के सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं एवं लाइन कर्मचारियों को शामिल किया गया। प्रत्येक दल में नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त बिजली बिल बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटने की जिम्मेदारी दी गई। दलों ने क्षेत्र में सघन निरीक्षण करते हुए बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे एवं बकाया राशि की वसूली की कार्रवाई की।

105 उपभोक्ताओं ने जमा कराई बकाया राशि
कार्रवाई के दौरान 105 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपनी बकाया राशि जमा कराते हुए 203000 रुपए का भुगतान किया। दलों ने क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों एवं लखनादौन नगर में 225 बकायादार उपभोक्ताओं पर बकाया राशि 10.69 लाख के विद्युत लाइन अस्थायी रूप से विच्छेदित की गई। अभियान के दौरान विद्युत चोरी के 6 प्रकरण भी बनाए गए, जिनके संबंध में मौके पर पंचनामा तैयार कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ढाई करोड़ की बकाया राशि लंबित
विभागीय जानकारी के अनुसार लखनादौन वितरण केंद्र अंतर्गत घरेलू श्रेणी के लगभग 6,200 उपभोक्ताओं पर करीब 1 करोड़ 85 लाख की बिजली बिल बकाया राशि लंबित है। वहीं गैर-घरेलू श्रेणी के लगभग 302 उपभोक्ताओं पर लगभग 65 लाख की बकाया राशि शेष है। इन सभी बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पूरे माह चलेगा अभियान, विभाग ने दी चेतावनी
अधिकारियों ने बताया कि मार्च माह वित्तीय वर्ष का अंतिम माह होने के कारण राजस्व वसूली को लेकर विभाग विशेष गंभीरता से अभियान चला रहा है। इसलिए यह अभियान पूरे मार्च माह में व्यापक स्तर पर निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे शीघ्र अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान कर दें, अन्यथा उनके विद्युत कनेक्शन विच्छेदन सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।