सिवनी

प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की होगी जांच

- भाजपा विधायक सहित किसानों शासन से की थी शिकायत

2 min read
Aug 12, 2024
जल संसाधन विभाग
जल संसाधन विभाग

सिवनी. वेनगंगा कछार जल संसाधन विभाग सिवनी के प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की जांच के आदेश शासन ने जारी किए हैं। शासन के निर्देश पर प्रमुख मुख्य अभियंता शिरीष मिश्रा ने मुख्य अभियंता धसान केन कछार जल संसाधन विभाग सागर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। इसकी जानकारी के बाद से ही सिवनी में खलबली मच गई है। विभागीय जानकारों की माने तो जिन भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। उसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से शामिल अधिकारी व कर्मचारी भी परेशान नजर आ रहे हैं।
प्रभारी मुख्य अभियंता डेहरिया के अधीनस्थ सिवनी, मंडला, नरसिंहपुर, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, डिंडोरी आदि जिलों के 13 जल संसाधन संभाग आते हैं। इसमें कई बृहद तथा मध्यम एवं लघु परियोजनाएं निर्माणाधीन है। कई पूरे हो चुके है। इन परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। भ्रष्टाचार के चलते किसानों को खेत के लिए पानी अब तक मुहैया नहीं हो पाया है। कांचना, बिजना, हरई, माइक्रो परियोजना, पेंच व्यपवर्तन परियोजना के नहर निर्माण सहित कई योजनाओं में बिना कार्य के पैसे का भुगतान कराए जाने के आरोप है। सिवनी विस के भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित अन्य जागरूक किसान लगातार इसके खिलाफ आवाज बुलंद किए। विधायक ने भ्रष्टाचार के मामले को प्रमुखता से सदन में रखा है। शासन स्तर तक शिकायत की गई। इसके बाद यह जांच बैठाई गई है।
उन पर यह भी आरोप है कि जब से वे वैनगंगा कछार सिवनी के मुख्य अभियंता का प्रभार लिए हैं तब से विभाग के उप यांत्रियों को एसडीओ व एसडीओ को कार्यपालन यंत्री एवं अधीक्षण यंत्री का चार्ज दिलाने भोपाल और इंदौर का चक्कर लगाते हैं। बताया जा रहा है कि पेंच नहर संभाग एवं पेंच बाध संभाग के कार्यपालन यंत्री का चार्ज सहायक यंत्री सिरसाम के पास है। वे सबसे जूनियर सहायक यंत्री बताए जाते हैं। इसी तरह कटनी जल संसाधन संभाग का चार्ज असिस्टेंट इंजीनियर सिद्दीकी के पास है। जिन पर आरोप है कि धार जिले में 300 करोड़ की लागत वाले बांध को क्षति उनकी लापरवाही से पहुंची थी। आज भी इस मामले की जांच चल रही है।

शासन से करुंगा डेहरिया को हटाकर जांच कराने की मांग
भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने ‘पत्रिका’ से बातचीत में कहा कि प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुए हैं, जिसमें उनकी संलिप्तता है। उनके खिलाफ जांच बैठाए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। उनको यहां से हटाकर इसकी जांच कराई जाएगी तब ही यह निष्पक्ष होगा अन्यथा वे जांच को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे। मैं शासन से उनको हटाकर जांच कराए जाने की मांग करुंगा।

एक माह में तथ्यात्मक जांच कर प्रस्तुत करें प्रतिवेदन
प्रमुख अभियंता शिषिर मिश्रा ने आदेश क्रमांक 331606/56/सत/2024 के माध्यम से पांच अगस्त को मुख्य अभियंता धसान केन कछार सागर को प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने जांच के लिए एक माह की समय-सीमा निर्धारित की है। कहा है कि जांचकर्ता अधिकारी तथ्यात्मक जांच कर जांच प्रतिवेदन एक माह में कार्यालय प्रमुख अभियंता जल संसाधन विभाग जल संसाधन भवन तुलसी नगर भोपाल को प्रस्तुत करेंगे।