सिवनी

MP में रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, इन जिलों के लिए नई रेल सेवा शुरू

MP News: सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना। इस रेल सेवा के आरंभ होने से उपस्थित यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
3 min read
May 10, 2026
Direct train service begins from Mandla to Seoni-Chhindwara Indian Railways MP News
Direct train service begins from Mandla to Seoni-Chhindwara (Patrika.com)

Indian Railways: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर रेल संपर्क को ध्यान में रखते हुए मंडला फोर्ट से छिंदवाड़ा एवं मंडला फोर्ट से जबलपुर के मध्य नई सीधी रेल सेवाओं का आरंभशनिवार को किया गया। इसी कड़ी में रविवार को गाड़ी संख्या 51704/51703 मंडला फोर्ट-जबलपुर -मंडला फोर्ट को अपने निर्धारित समय में परिचालन किया जाएगा। इस अवसर पर सिवनी-मंडला सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते ने इस नई रेल सेवाओं का आरंभ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर किया।

इस रेल सेवा के आरंभ होने से उपस्थित यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रेल प्रशासन द्वारा पूर्व में संचालित गाड़ी क्रमांक 58828 मंडला फोर्ट-नैनपुर एवं गाड़ी क्रमांक 58824 नैनपुर-छिंदवाड़ा रेल सेवाओं का विलय कर मंडला फोर्ट-छिंदवाड़ा सीधी रेल सेवा गाड़ी क्रमांक 58824 प्रारंभ की गई है। इसी प्रकार गाड़ी क्रमांक 51712 मंडला फोर्ट-नैनपुर एवं 51706 नैनपुर-जबलपुर रेल सेवाओं के स्थान पर मंडला फोर्ट जबलपुर सीधी रेल सेवा गाड़ी क्रमांक 51706 का संचालन प्रारंभकिया गया है। (MP News)

अब नैनपुर स्टेशन पर नहीं बदलनी होगी ट्रेन

इन नई सीधी रेल सेवाओं के प्रारंभ होने से यात्रियों को अब नैनपुर स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम, सुविधाजनक एवं समय की बचत करने वाली बनेगी। इससे मंडला, नैनपुर, छिंदवाड़ा एवं जबलपुर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा एवं बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। ट्रेनों को रवाना करने के बाद सांसद कुलस्ते ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इस नई रेल सेवा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं भारतीय रेलवे द्वारा लगातार यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं तथा यह नई रेल सेवा क्षेत्रीय विकास एवं आवागमन को और अधिक सशक्त बनाएगी। इस दौरान सांसद ने रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना भी की। कार्यक्रम में नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों ने नई रेल सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए निरंतर किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत यह पहल क्षेत्रीय रेल परिवहन को नई दिशा प्रदान करेगी तथा आम यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।

मंडल रेल प्रबंधक ने किया विंडो निरीक्षण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवेए नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से छिंदवाड़ा, सिवनी होकर मंडला फोर्ट रेलखंड तक विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं के समग्र मूल्यांकन के उद्देश्य से किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने विशेष निरीक्षण यान से तय समय अनुसार नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से प्रस्थान कर निरीक्षण के दौरान रेल पथ, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, विद्युत संरचना, स्टेशन परिसरों की व्यवस्थाओं तथा संरक्षा संबंधी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं. स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, यात्री सूचना प्रणाली तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का जायजा लेकर जरूरी सुधार के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई. ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके। इस निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता परिचालन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता उत्तर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, सहायक सुरक्षा आयुक्त रेल सुरक्षा बल सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। (MP News)

Published on:
10 May 2026 08:01 pm