सिवनी

एमपी के इस जिले में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश ने मचाई तबाही, बिजली गिरने से 2 की मौत

Seoni Weather News : बीते 24 घंटों के दौरान सिवनी-बालाघाट मार्ग पर स्थित बरघाट के आसपास आंधी तूफान के साथ हुई जोरदार बारिश ने संबंधित क्षेत्रों में त्राहिमाम मचा दिया है।

3 min read
सिवनी में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश से तबाही (Photo Source- Patrika)

Seoni Weather News : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हुई बेमौसम बारिश और आंधी तूफान ने क्षेत्र के किसानों के साथ साथ आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। दो दिन पहले जिला मुख्यालय समेत लखनादौन घंसौर के साथ - साथ केवलारी के पलारी आदि क्षेत्रों में कुछ देर हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात देते हुए इलाके में ठंडक घोल दी थी। लेकिन, बीते 24 घंटों के दौरान सिवनी-बालाघाट मार्ग पर स्थित बरघाट के आसपास आंधी तूफान के साथ हुई जोरदार बारिश ने संबंधित क्षेत्रों में त्राहिमाम मचा दिया है।

क्षेत्र में तेज बारिश के साथ कई किलोमीटर तेज हवाओं के साथ आंधी ने बड़े-बड़े पेड़ों को धराशायी कर दिया। घरों के छप्पर, टीनशेड समेत बिजली लाइनें और खंभे तक क्षतिग्रस्त हुए हैं। बरघाट नगर के श्याम पेट्रोलियम के पास बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने और पेड़ों के टूटकर गिरने से सिवनी - बालाघाट सड़क में आवागमन लगभग दो घंटे तक बंद रहा। वहीं, बरघाट थाना इलाके के मंडी गांव के साथ - साथ कान्हीवाड़ा के उड़ेपानी में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत गई। मृतकों में एक 6 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।

झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले

सिवनी में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश से तबाही (Photo Source- Patrika)

बीते 24 घंटों के दौरान जिले के घंसौर, कहानी, लखनादौन, धनोरा, बरघाट समेंत कई स्थानों पर झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि धूमा इलाके में ओले पड़ने की भी खबर है। हालांकि, यहां से अबतक किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस अचानक से बिगड़े मौसम ने किसानों की मुसीबत जरूर बढ़ा दी है।

दर्जनों पेड़ और खंभे टूटकर गिरे

खासतौर पर बरघाट नगर के साथ - साथ आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम से शुरु हुए आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश ने क्षेत्र में भारी नुकसान होने की बात कही जा रही हैं। तेज अंधड़ के कारण दर्जनों पेड़ व 25 से अधिक विद्युत पोल धराशायी हो गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया, यातायात बाधित हुआ व कई इलाकों में अंधेरा छा गया। तेज आंधी के चलते कई घरों की छप्पर के साथ शेड तक उड़ने खबर सामने आई है। पेड़ के साथ पोल गिरने से मुख्य सिवनी-बालाघाट मार्ग लगभग दो घंटे अवरुद्ध रहा। पोल टूटने से बरघाट नगर समेत आसपास के कई गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली विभाग का अमला देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा रहा।

सर्वे के बाद स्पष्ट होगा नुकसानी

बरघाट नगर में शाम 5:30 से 6:30 बजे के बीच हुई इस जोरदार बारिश के कारण खेतों और खलिहानों में खुले में रखी कटी हुई फसलें भीग गईं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तूफान और बारिश के कारण हुए नुकसान का मैदानी स्तर पर सर्वे किया जाएगा, जिसके बाद ही वास्तविक क्षति का आधिकारिक आंकड़ा सामने आ सकेगा।

आकाशीय बिजली गिरने से दो मौतें

बरघाट थाना क्षेत्र के मंडी गांव में खेत में मौजूद 6 वर्षीय प्रियांशु पुत्र सुंदरलाल मरकाम की गाज गिरने से जान चली गई। कान्हीवाड़ा के उड़ेपानी में हार्वेस्टर मशीन के पास जा रहे 40 वर्षीय रहमान पुत्र शेख गुलाम छिड़िया पलारी निवासी की भी गाज की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों का शनिवार को पोस्ट मार्टम कराया जाएगा।

तेजी से गिरा तापमान

शाम के समय हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। दिनभर तेज धूप और उमस के बाद हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया, लेकिन खेतों में खड़ी व कटी फसलों के लिए यह बदलाव चिंता का कारण बन गया है। जिले के कई इलाकों में फसलें पककर तैयार हैं और कटाई का कार्य जारी है, जबकि कुछ स्थानों पर फसलें कटकर खेतों में ही रखी हुई हैं। ऐसे में तेज वर्षा, ओलावृष्टि व हवाओं से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

Published on:
04 Apr 2026 07:17 am
Also Read
View All

अगली खबर