लगाई बंदिश, पालन नहीं

कलेक्टर के निर्देश पर सरकारी बस स्टैण्ड को दो हिस्सों में बांटकर जबलपुर, बालाघाट और नागपुर, छिंदवाड़ा दिशा की ओर जाने वाली बसों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।

2 min read
Oct 28, 2015
patrika

सिवनी. कलेक्टर के निर्देश पर सरकारी बस स्टैण्ड को दो हिस्सों में बांटकर जबलपुर, बालाघाट और नागपुर, छिंदवाड़ा दिशा की ओर जाने वाली बसों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। वहीं सरकारी बस स्टैण्ड के सामने स्थित रोड डिवाइडर के खाली हिस्से को बंद कर दिया गया है। इससे सरकारी बस स्टैण्ड से नागपुर व छिंदवाड़ा की ओर जाने वाली बसों को पहले दलसागर की ओर जाकर घूमकर जाना पड़ रहा है। वहीं जबलपुर, बालाघाट की ओर से आने वाली बसें पहले लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने आकर सड़क पर घूम रहीं फिर सरकारी बस स्टैण्ड पहुंच रही हैं। सरकारी बस स्टैण्ड के सामने के डिवाइडर के खाली हिस्से को इसलिए बंद कराया गया था, ताकि बसों के कारण यातायात बाधित न हो, लेकिन स्थिति और भी गड़बड़ा रही है।
और बढ़ गई परेशानी
सरकारी बस स्टैण्ड के सामने रोड डिवाइडर के खाली हिस्से बंद कराकर बसों पर बंदिश तो लगा दी गई है, लेकिन इसका कोई फायदा होने की जगह परेशानी और बढ़ गई है। अब बसें दो जगह यातायात में व्यवधान खड़ा कर जाम की स्थिति निर्मित कर रही हैं। बताया गया कि बसों को पहले प्राइवेट बस स्टैण्ड की ओर जाकर घूमकर आने को कहा गया है लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा। बालाघाट, जबलपुर की तरफ से आने वाली बसें लक्ष्मीनारायण मंदिर के सामने सड़क पर घूमकर सरकारी बस स्टैैण्ड पहुंच रहीं, फिर नागपुर व छिंदवाड़ा की ओर जाने के लिए दलसागर के सामने सड़क पर घूमकर जाम लगाते हुए गंतव्य की ओर रवाना हो रही हैं।
इधर, वसूली और पूरी छूट
वैनगंगा कॉॅॅम्पलैक्स के दुकानदार सैकड़ों बार बसों की धमाचौकड़ी बंद करने और सड़क पर आधा-आधा घंटा से ज्यादा खड़े होकर सवारी भरने वाली बसों पर शिकंजा कसने की मांग उठा चुके हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन व नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन प्राइवेट बस स्टैण्ड से निकलकर वैनगंगा कॉम्पलेक्स की सड़क पर बसों की कतार बंद होने का नाम नहीं ले रही है। प्राइवेट बस स्टैण्ड से निकलकर बसें गंतव्य की ओर रवाना होने की बजाय कॉम्पलेक्स की सड़क पर आधा-आधा घंटे सवारियों के इंतजार में खड़ी रहती हैं। यहां बसों की धमाचौकड़ी से दुकानदारों का व्यवसाय खासा प्रभावित हो रहा है और ग्राहक कॉम्लैक्स आकर खरीदारी से बच रहे व अन्यत्र जा रहे हैं। नगर पालिका भी यहां बसों से शुल्क वसूली बराबर कर रहा, लेकिन व्यवस्था बनाने के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।








Published on:
28 Oct 2015 11:12 am
Also Read
View All