सिवनी

जल्द बनाए जाएंगे नवीन स्वीकृत आंगनवाड़ी केन्द्र, समय पर पुस्तकों का होगा वितरण

बैठक में सर्वप्रथम स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सतत मॉनिटरिंग कर ड्रॉपआउट को शून्य करने का प्रयास किया जाए।

2 min read
Apr 30, 2026

मुख्य सचिव ने की जिले की प्रगति की समीक्षा, दिए निर्देश

सिवनी. मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सर्वप्रथम स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की सतत मॉनिटरिंग कर ड्रॉपआउट को शून्य करने का प्रयास किया जाए। साथ ही सभी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य-पुस्तकों के वितरण के निर्देश भी दिए गए। 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज करने एवं पोषण ट्रैकर ऐप में उनकी प्रविष्टि सुनिश्चित करने के लिए कहा। नवीन स्वीकृत आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा इन्हें सुविधाजनक और आबादी के समीप स्थानों पर स्थापित करने के साथ ही स्कूलों की निकटता को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। एफएलएन सर्वे की समीक्षा करते हुए निरंतर मॉनिटरिंग के लिए कहा। स्कूलों में बालिका शौचालय, पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकतम असाक्षरों को जोडऩे के निर्देश दिए गए। बैठक में वृंदावन ग्राम योजना एवं विजन डॉक्यूमेंट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण नल-जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण के लिए ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने की जानकारी दी गई। साथ ही आगामी ग्रीष्मकाल के दौरान सुगम पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जल गंगा अभियान, पीएम जनमन योजना तथा धरती आबा आवास योजना की समीक्षा करते हुए इनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण वितरण की प्रगति पर भी चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने नवीन पंचायत, जनपद एवं जिला पंचायत भवनों के निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत सामुदायिक दावों की समीक्षा कर वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र निराकरण के लिए कहा। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए अनमोल पोर्टल में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन एवं हाई-रिस्क मामलों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

दस्तक अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन
दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कुपोषित बच्चों के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। सिकल सेल, टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत सर्वे बढ़ाने एवं चिन्हित मरीजों के समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा में गेहूं उपार्जन की प्रगति, स्लॉट बुकिंग एवं केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा। चना एवं मसूर उपार्जन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। शहरी क्षेत्रों में जर्जर भवनों की पहचान कर संभावित दुर्घटना वाले भवनों को हटाने हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जिलेवार जोनल प्लान होगा तैयार
मुख्य सचिव ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलेवार जोनल प्लान तैयार कर प्रेषित करने, नशीले पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने एवं एनसीओआरडी की बैठक नियमित आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जघन्य अपराधों की रोकथाम, पीडि़तों को राहत राशि वितरण एवं सडक़ दुर्घटना घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत, अपर कलेक्टर सीएल चनाप सहित सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
30 Apr 2026 11:49 am
Also Read
View All