14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छात्रों की नहीं पहुंची ड्रेस, दो दिन बाद खुल जाएगा स्कूल

7 सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए बस संचालन का निर्णय नहीं हो पाया है। विद्यालय में कक्षा 1 से 8 वीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस शासन की तरफ से निशुल्क मिलना है।

3 min read
Google source verification
patrika news

सांदीपनि विद्यालय भी नहीं हो पाया नए भवन में शिफ्ट, आदेश का इंतजार

सिवनी. गर्मी की छुट्टी के बाद अब स्कूल खुलने की घड़ी नजदीक आ गई है। 16 जून से नया शिक्षण सत्र शुरु हो जाएगा। हालांकि जिले के सांदीपनि विद्यालयों में अभी तक यूनिफॉर्म नहीं पहुंची है। यानी सांदीपनी विद्यालयों के छात्रों को बिना यूनिफॉर्म के ही प्रवेशोत्सव मनाना होगा।

पूरे विषय की किताब भी नहीं पहुंच पाई

दरअसल सांदीपनी विद्यालय में कक्षा 1 से 8 वीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस शासन की तरफ से निशुल्क मिलना है। जबकि कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए भुगतान करना पड़ता है। हालांकि समय पर यूनिफॉर्म न मिलने से अब विद्यार्थियों को या तो पुरानी ड्रेस पहनकर आनी पड़ेगी या फिर उन्हें इंतजार करना होगा। वहीं कई कक्षाओं की पूरे विषय की किताब भी नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में विद्यार्थी और उनके पालक परेशान हैं। बता दें कि शासन ने सांदीपनि विद्यालयों को ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में लिया है और निजी स्कूलों की तर्ज पर सभी सुविधा देने की बात कही जा रही है, लेकिन हकीकत में व्यवस्थाएं नहीं बन पा रही हैं। लगभग चार साल बाद भी सांदीपनि विद्यालयों में बस सेवा नहीं शुरु हो पाई है। ऐसे में विद्यार्थियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। सांदीपनि विद्यालयों में व्यवस्थाएं अभी भी सरकारी स्कूलों की तरह ही हैं।

पिछले साल की यूनिफॉर्म से चला रहे काम
जिले के कई सांदीपनि विद्यालयों में प्राइमरी और मिडिल के विद्यार्थियों की पिछले साल की यूनिफॉर्म बची हुई थीं। अप्रेल माह में विद्यार्थियों को यही यूनिफॉर्म बांटी गई हैं। हालांकि पिछले साल की जो यूनिफॉर्म थीं, उनसे कुछ विद्यार्थियों का ही भला हो पाया है। बाकी विद्यार्थियों को नई यूनिफॉर्म आने का इंतजार करना होगा।

भोपाल से हो रही देरी
जानकारी के अनुसार सांदीपनि विद्यालयों की यूनिफॉर्म के लिए पूरे प्रदेश के विद्यालयों के लिए टेंडर एक साथ भोपाल से हुआ है। यह टेंडर देरी से हुआ है, जो अभी तक फाइनल नहीं हो पाया है। इसी वजह से यूनिफॉर्म पहुंचने में देरी हो रही है। यूनिफॉर्म तैयार कर कब तक भेजी जाएंगी, यह भोपाल स्तर से ही तय होना है।

बसों का भी नहीं हो पाया निर्णय
जिले में शासन द्वारा खोले गए 7 सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए बस संचालन का निर्णय नहीं हो पाया है। 4 सत्र बीतने के बाद भी यहां के विद्यार्थियों को अपने वाहन या खर्च से ही स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में दूर-दराज से से आने वाले विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। दरअसल विद्यालय खोलने के समय विद्यार्थियों को निशुल्क बस सुविधा देने की बात कही गई थी, लेकिन यह वादा अब तक पूरा नहीं हो पाया है। सांदीपनि विद्यालय में हर वर्ष विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं में इजाफा नहीं हो पा रहा है। बताया जाता है कि बस सुविधा को लेकर शासन स्तर पर तीन बार टेंडर भी हो चुका है, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इसके पीछे वजह शुल्क को लेकर है। दरअसल शासन द्वारा बस परिचालन को लेकर निर्धारित किया गया टेंडर शुल्क बस ऑपरेटरों के मुताबिक नहीं है। ऐसे में मामला हर बार उलझ कर रह जा रहा है। बस ऑपरेटर रूचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को निजी साधन या फिर ऑटो में महंगा किराया देकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। बारिश में विद्यार्थियों के लिए स्कूल तक जाने एवं घर पहुंचने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थी तो 8 से 10 किमी दूर से स्कूल में अध्ययन करने पहुंच रहे हैं।

नए भवन की शिफ्टिंग को लेकर नहीं निर्णय
सिवनी शहर में सांदीपनि विद्यालय वर्तमान में डूंडासिवनी में संचालित हो रहा है। हालांकि नया भवन कंडीपार में बनकर तैयार है, लेकिन शिफ्टिंंग का निर्णय जिलास्तरीय मानिटरिंग समिति को लेना है। वहीं दूसरी तरफ 16 जून से नया शिक्षण सत्र शुरु हो जाएगा। विद्यालय प्रबंधन के सामने समस्या यह है कि डूंडासिवनी में महज तीन कमरे हैं। ऐसे में 12वीं तक कक्षाएं संचालित करना मुश्किल है। सामान अभी यहीं पर हैं। प्रशासन की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इनका कहना है…
भोपाल से अभी यूनिफॉर्म आना बाकि है। उम्मीद है कि जल्द आ जाएगी। किताबें आ रही हैं। कुछ ही विषय की शेष रह गई है। नए भवन में शिफ्टिंग को लेकर प्रयास किया जा रहा है। निशुल्क बस सुविधा का निर्णय शासन स्तर से होना है।
विमल ठाकुर, प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय, डूंडासिवनी