
सिवनी. जिले में मानसून अभी सक्रिय नहीं हुआ है, लेकिन समय-समय पर हो रही बारिश नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही है। जल निकाली की व्यवस्था न होने से जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है। मंगलवार को हुई बारिश ने शहर के कई क्षेत्र में व्यवस्थाओं की पोल खोल दी।
जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं
मुंगवानी रोड स्थित राजपूत मंगल भवन के सामने जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी आसपास के घरों में घुस गया। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रहवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति निर्मित होती है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। स्थानीय निवासी वेंकटेश सोनकेशरिया ने बताया कि पहली ही बारिश में उनके घर में पानी भर गया। अचानक घर में पानी घुसने से परिवार को काफी परेशानी उठानी पड़ी। घर में रखा गेहूं एवं चावल की बोरी भीग गई। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बरसात के दौरान लोगों को इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। वेंकटेश ने आरोप लगाया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका अधिकारियों से संपर्क किया गया। शिकायतें भी की गईं, लेकिन हर बार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया गया। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। क्षेत्र के अन्य रहवासियों ने भी बताया कि बारिश का पानी घरों में घुसने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया। लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
नपा की सफाई से नागरिक असंतुष्ट
स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर नगर पालिका की टीम बुधवार को मुंगवानी रोड स्थित राजपूत मंगल भवन के सामने जल निकासी की व्यवस्था करने पहुंची। नाली की सफाई भी की। हालांकि स्थानीय वासी इससे संतुष्ट नहीं दिखे। लोगों का कहना था कि नाली की सफाई सही से नहीं की गई। ऐसे में अगर फिर बारिश हुई तो घर में पानी घुस जाएगा। समय रहते जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है। रहवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि मुंगवानी रोड क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।