दूषित खाद्य पदार्थों का किया विनष्टीकरण
सिवनी. कलेक्टर के आदेशानुसार एसडीएम घंसौर एवं लखनादौन राजस्व विभाग एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन सिवनी के खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण के सयुंक्त दल द्वारा शनिवार व सोमवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों के खाद्य नमूने की जांच की गई।
खाद्य निरीक्षक ने अवशेष अग्रवाल ने बताया कि घंसौर स्थित तृप्ति होटल से दूध एवं गुझिया के नमूने लिए गए साथ ही प्रतिष्ठान में स्थित दूषित खाद्य तेल का विनष्टीकरण कराया गया। साथ ही जोधपुर मिष्ठान्न भण्डार से दूध बर्फी का नमूना लिया गया है।
लिए गए नमूनों की होगी जांच
सोमवार को छपारा स्थित विष्णु किराना दुकान से दही, श्रीराम दूध डेरी छपारा से ब्रेड एवं वैनगंगा दूध डेरी छपारा से दही एवं दूध का नमूना लिया गया है। जिन्हें जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा गया है, जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
अनुपालन नहीं करने पर होगा पंजीयन निलम्बित
निरीक्षण के दौरान नमूना कार्यवाही के साथ दल द्वारा दूषित खाद्य पदार्थों का मौके पर विनष्टीकरण कराया गया। परिसर में पाई गई कमियों के संबंद में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस सम्बन्धित प्रतिष्ठान को जारी किए जा रहे हैं। जिसका अनुपालन न करने की स्थिति में सम्बंधित का पंजीयन निलम्बित करने की कार्यवाही की जाएगी।