सिवनी

सिवनी, बरघाट विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अध्यापक संघ की मांग पर की अनुशंसा, मांगा समाधान
less than 1 minute read
• •
Updated: 19 May 2018, 2:00 PM IST
Mp Board Result 2019
Mp Board Result 2019

सिवनी. अध्यापक संगठन द्वारा की जा रही शिक्षा विभाग में संविलियन की मांग और पूर्व में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा को लागू कराने अध्यापकों द्वारा विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत बीते दिनों विधायकों का घेराव, समर्थन की मांग की गई थी। इसके उपरांत सिवनी, बरघाट विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के नाम अनुशंसा पत्र लिखकर शीघ्र समाधान के लिए कहा गया है।
आजाद अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष कपिल बघेल ने बताया कि अध्यापकों द्वारा किए जा रहे आंदोलन और मांग के बाद सिवनी विधायक दिनेश राय व बरघाट विधायक कमल मर्सकोले ने मुख्यमंत्री के नाम अनुशंसा पत्र लिखकर अध्यापकों की मांग को शीघ्र निराकरण किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की है।
सिवनी विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में आग्रह कर कहा है कि अध्यापक संघ जिला शाखा सिवनी के ज्ञापन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। कहा कि अध्यापकों ने शिक्षा विभाग में संविलियन किए जाने सम्बंधी आदेश शीघ्र जारी किए जाने एवं अन्य लंबित मांगों के निराकरण किए जाने के लिए ज्ञापन प्रस्तुत किया है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से पत्र में कहा कि जानकारी के अनुसार आपके द्वारा २१ जनवरी २०१८ को अध्यापकों को शिक्षा विभाग में संविलियन किए जाने की घोषणा की गई है। इस पर कार्रवाई अपेक्षित है। इसलिए अध्यापकों की उचित मांगों को शीघ्र निराकृत किए जाने के लिए आग्रह सहित अनुशंसा की जाती है।
बरघाट विधायक ने कहा किया जाए निराकरण -
अध्यापकों की मांग पर बरघाट विधायक कमल मर्सकोले के द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है कि अध्यापक संवर्ग, संविदा शिक्षक, गुरुजी, शिक्षक संवर्ग की मांगों व समस्याओं का निराकरण की मांग लेकर आजाद अध्यापक संघ ब्लॉक इकाई बरघाट द्वारा ज्ञापन दिया गया है। इसे मूलत: आपकी ओर प्रेषित किया जा रहा है। इन मांगों, समस्याओं का निराकरण की अपेक्षा व्यक्त की है।

Published on: