
जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 1 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होगा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में कुल 89 खरीदी केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, इनमें 64 सहकारी समितियों तथा 25 समूहों के खरीदी केन्द्र शामिल हैं। उपार्जन कार्य के सुचारू संचालन और किसानों को खरीदी केन्द्रों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केन्द्र किसानों के लिए सहज और सुविधाजनक रहें तथा अपनी उपज बेचने के दौरान उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने केन्द्रवार उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपकरणों के सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा
खरीदी केन्द्रों पर छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, बारिश से उपज की सुरक्षा के लिए पर्याप्त तिरपाल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपार्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए कम्प्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, इंटरनेट, डोंगल, सिलाई एवं ग्रेडर मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे, गुणवत्ता परीक्षण किट, अग्निशामक यंत्र एवं सीसीटीवी कैमरे सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बारदानों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। किसानों की उपज की तौल में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों एवं अन्य नाप-तौल उपकरणों के सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि खरीदी केन्द्रों पर सत्यापित नाप-तौल उपकरणों का ही उपयोग हो तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही उपज की तौल की जाए।
नोडल अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी
समूहों के माध्यम से संचालित होने वाले खरीदी केन्द्रों के लिए विशेष प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया है। समूहों के खरीदी प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर, सर्वेयर एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों को उपार्जन प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण, पोर्टल पर कार्यवाही, नाप-तौल एवं केन्द्र संचालन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो। उपार्जन कार्य की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के खरीदी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपार्जन समिति के सदस्यों को भी खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आवश्यक कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं।
केन्द्रवार वेयरहाउस मैपिंग से त्वरित होगा भंडारण
धान के सुरक्षित और त्वरित भंडारण के लिए प्रत्येक खरीदी केन्द्र की संबंधित वेयरहाउस से व्यवस्थित मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपलब्ध भंडारण क्षमता को ध्यान में रखते हुए गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था भी की गई हैए जिससे खरीदी के बाद धान के परिवहन और भंडारण में अनावश्यक विलंब न हो।
गुणवत्ता परीक्षण और सीमावर्ती चेकपोस्टों पर विशेष निगरानी
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप ही धान का उपार्जन किया जाए और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरती जाए। जिले की सीमाओं पर स्थापित चेकपोस्टों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले के बाहर से धान लाकर समर्थन मूल्य पर उपार्जन केन्द्रों में बिक्री किए जाने की किसी भी संभावना को प्रभावी रूप से रोका जाए। इसके लिए चेकपोस्टों पर धान से संबंधित वाहनों की जांच, आवक एवं परिवहन की निगरानी तथा आवश्यक सत्यापन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन कार्य के दौरान किसानों को केन्द्र पर अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा खरीदी से लेकर तौल, गुणवत्ता परीक्षण, परिवहन और भंडारण तक प्रत्येक चरण व्यवस्थित एवं पारदर्शी हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 1 दिसंबर से उपार्जन कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अंजली शाह, अपर कलेक्टर नीलमणी अग्निहोत्री सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।