
सिवनी. जिले में डंपर चालकों की मनमानी की वजह से आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार हो रहा है। तेज रफ्तार डंपर लोगों की जिंदगी पर कहर बनकर टूट रहे हैं। शुक्रवार रात जिले के कुरई थाना क्षेत्र के बादलपार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत सर्राहिर्री में हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है। बताया जाता है कि चालक नशे में धुत था। इस वजह से वह डंपर पर नियंत्रण नहीं रख सका और चार लोगों को कुचलते हुए घर में जा घुसा। गनीमत रही कि घर में कोई मौजूद नहीं था। अगर ऐसा होता तो और जान भी जा सकती थी।
हादसा इतना भीषण था कि एक की मौके पर ही मौत हो गई
हादसा इतना भीषण था कि एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक ने जिला अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे की मौत शनिवार शाम नागपुर में इलाज के दौरान हो गई। वहीं एक अन्य का इलाज नागपुर में चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। बता दें कि शुक्रवार रात एक अनियंत्रित डंपर ने सर्राहीर्री निवासी चार लोगों को कुचल दिया। लखनवाड़ा क्षेत्र के ग्राम बरवाह निवासी आरोपी चालक गौतम चौरसिया(29) डंपर में ईंट भरकर सर्राहीर्री आया था और यहां ईंट उतारने के बाद पिपरवानी जा रहा था। डंपर में कुछ मजदूर भी बैठे हुए थे। बताया जाता है कि चालक गौतम ने काफी शराब भी पी रखी थी। इसी वजह से सर्राहीर्री गांव के पास वह डंपर से नियंत्रण खो बैठा और सडक़ किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में सर्रार्हीरी निवासी सुकमाल भलावी(45), रंजीत सरेयाम(40) की मौत हो गई। वहीं गांव के ही चंद्रभान वर्मा एवं संदीप मर्सकोले गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नागपुर रेफर किया गया। शनिवार शाम संदीप मर्सकोले(40) की नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं चंद्रभान की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद चालक डंपर छोडकऱ मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने पूरी रात मशक्कत के बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस डंपर मालिक पर भी मामला दर्ज करेगी।
गुस्साए ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में आए दिन डंपर तेज रफ्तार से चल रहे हैं, लेकिन उन पर कोई रोक नहीं लग रही है। वहीं आरोपी चालक एवं मालिक को सख्त से सख्त सजा देने एवं मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी। इसके बाद ग्रामीण मानें।
मृतक का शव रखकर किया था प्रदर्शन
सिवनी जिले में तेज रफ्तार डंपर से आए दिन हादसे हो रहे हैं। 27 मार्च 2026 को लखनादौन थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। वहीं 14 फरवरी को डंपर ने ऑटो को टक्कर मारते हुए घर में जा घुसा। वहीं 10 मई 2026 को घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपदौन गांव के पास डंपर ने पिकअप को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक की मौत हो गई वहीं चार लोग घायल हुए थे। ग्रामीणों ने मृतक का शव सडक़ पर रखकर मंडला-लखनादौन मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। मुआवजे की मांग की थी। लगभग दो घंटे तक मार्ग बंद रहा।
इनका कहना है…
हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं एक की हालत स्थिर है। नागपुर में इलाज चल रहा है। आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मालिक पर भी मामला दर्ज किया जाएगा। मौके पर ग्रामीणों को समझाइश दी गई।
ललित गठरे, एसडीओपी, बरघाट