सिवनी

एसपी ने जनसुनवाई में किया सीधा संवाद, समस्या का निराकरण

थानों और चौकियों में भी जनसुनवाई व्यवस्था को लागू किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही निर्देश दिए और आवेदकों को राहत।

2 min read
Jun 18, 2026
patrika news

परिसर में भरोसे और सकारात्मक संवाद का माहौल देखने को मिला


सिवनी. पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में लोगों की समस्या सुनी। जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान लोगों को बिना किसी संकोच अपनी बात रखने का अवसर मिला, जिससे परिसर में भरोसे और सकारात्मक संवाद का माहौल देखने को मिला। जनसुनवाई में प्राप्त कई गंभीर मामलों पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए और संबंधित आवेदकों को राहत प्रदान की। वहीं अन्य आवेदनों पर संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं समाज के वंचित वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन वर्गों की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिले के सभी थानों और चौकियों में भी जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े और स्थानीय स्तर पर ही उन्हें न्याय मिल सके। इस अवसर पर लालचंदानी ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतों के निपटारे का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, त्वरित और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना सिवनी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिवनी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या या शिकायत के संबंध में बिना किसी भय एवं संकोच के जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी बात रखें। उनकी हर शिकायत का संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ निराकरण किया जाएगा।

दो फरार आरोपी कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में
सिवनी. कोतवाली पुलिस ने मारपीट के मामले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रार्थी सत्यम ठाकुर निवासी मठ मंदिर के पास सिवनी ने थाना कोतवाली सिवनी में रिपोर्ट दर्ज कराया था 23 मार्च 2026 को सुबह नगरपालिका के पास आरोपी वासू सनकत एवं उसके साथी तनिष सनोडिया, शुभ पटेल, चैतन दुर्गे, अज्जू उर्फ भूरा उइके एवं अन्य साथियों द्वारा शराब पीने के लिए पैसे मांगने एवं पैसे न देने पर गुण्डागर्दी करते हुए गाली गलौच कर मारपीट कर चोट पहुंचाई गई एवं जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की एवं आरोपी तनिष एवं चेतन दुर्गे को गिरफ्तार कर लिया था। इसी क्रम में 15 जून को लंबे समय से फरार चल रहे मंगलीपेठ निवासी आरोपी वासु सनकत एवं अज्जू उर्फ कृष्ण कुमार उइके को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने दोनों आरोपी पर ज्युडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रकरण के आरोपी वासू सनकत के खिलाफ पूर्व से थाना कोतवाली एवं थाना कान्हीवाड़ा में मारपीट संबंधी 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज है। जिसे गुण्डा बदमाश की सूची में लाने की कार्यवाही की जा रही है।

Published on:
18 Jun 2026 01:31 pm