
सिवनी. शिक्षा ही वह सीढ़ी है जिसके माध्यम से बच्चे अपना और अपने देश का भविष्य संवारते हैं। शिक्षा ही हर समस्या का समाधान है। शिक्षा के माध्यम से ही सच्चे गणतंत्र की कल्पना साकार की जा सकती है।
गांव की छात्राओं का इतने अच्छे अंकों से पास होना प्रमाणित करता है कि कोई भी समस्या हो प्रतिभावान विद्यार्थी हर जगह अपनी योग्यता से लोहा मनवा ही लेते हैं। यह बातें दीपक राय ने शासकीय हाई स्कूल बीसावाड़ी के नजर सम्मान सामारोह 2019 के अवसर पर कही।
सामारोह में ग्राम पौंडी निवासी दुर्योधन विश्वकर्मा के बेटे युवराज विश्वकर्मा को चांदी का मैडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। युवराज ने 10वीं कक्षा में 89.4 प्रतिशत अंक हासिल किया था। नजर कृषि एवं पर्यावरण संरक्षण सोसायटी विगत नौ वर्षों से यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित करती है। जिसमें स्कूल में टॉप आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। चैयरमैन व विज्ञान संचालक दीपक राय ने बताया कि यह आयोजन बिना किसी सरकारी मदद के किया जाता है। दीपक ने कहा मैं इसी स्कूल में पढ़ा हूं। 10 वर्ष पहले दादा स्वर्गीय नीलमचंद राय और पिता स्वर्गीय जशवंत सिंह राय की स्मृति में इस सम्मान की घोषणा की गई थी। इस सम्मान का मकसद गांवों के बच्चों में उत्साह भरना है और उनका मार्गदर्शन करना है।