सिवनी

सिवनी जिले में जानिए कहां मिला स्वाइन फ्लू का दूसरा मरीज

सर्वे टीम में सामने आए एक ओर सम्भावित मरीज

2 min read
Sep 20, 2017

सिवनी. जिले के ग्राम मारबोड़ी में स्वाइन फ्लू से एक प्रौढ़ की मौत के बाद विकासखण्ड बरघाट में साठ वर्षीय वृद्धा को स्वाइन फ्लू पॉजीटिव निकलने के बाद स्वास्थ्य महकमें में हड़कम्प मच गया है। मंगलवार को बरघाट के वार्ड क्रमांक दो में बीएमओ के नेतृत्व में चार टीमें बनाकर घर-घर सर्वे किया गया और लोगों को बीमारी से बचने के तरीके बताए गए। वहीं सर्वे टीम को वार्ड में एक सम्भावित स्वाइन फ्लू से ग्रसित महिला शिक्षिका मरीज के मिलने पर मरीज को बरघाट स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल में जांच कराने की सलाह भी दी गई है।
बरघाट बीएमओ ने बताया कि क्षेत्र के अग्रवाल समाज के लगभग 12-15 लोग राजस्थान घूमने गए थे। वहां से आने के बाद कुछ लोगों का स्वास्थ्य खराब होने पर बरघाट जांच कराया। जहां साठ वर्षीय वृद्ध महिला का बरघाट में उपचार के बाद निजी अस्पताल और इसके बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। परिजन वृद्धा का उपचार कराने के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के अस्पताल ले गए जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों द्वारा लिए गए रक्त के नमूने की जांच के बाद वृद्धा का स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आया।
घर-घर किया सर्वे
जांच रिपोर्ट में बरघाट निवासी वृद्धा के स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आने के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया। मंगलवार को बरघाट के वार्ड क्रमांक दो स्थित 112 घरों में सर्वे कराया गया। चार अलग-अलग टीम तैयार कर घर-घर किए गए सर्वे में एक 55 वर्षीय महिला शिक्षिका के भी स्वाइन फ्लू होने के लक्ष्ण सामने आने पर मरीज व उनके परिजनों को बरघाट या जिला अस्पताल में जांच व उपचार कराने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही 15 सर्दी, जुखाम के मरीजों को बरघाट अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी गई।
लोगों की दी जानकारी
नगर के वार्ड क्रमांक दो के रहवासियों को स्वाइन फ्लू से बचाव के तरीके बताए गए। समूचे वार्ड में स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी घूमी। सर्वे टीम में सुपरवाइजर मनोहर चौहान, ममता पटेल, आरिफ कुरैशी, आशा कार्यकर्ता आदि मौजूद थे।
इस मामले में नागरिकों ने बताया कि बरघाट क्षेत्र के वार्डों में इन दिनों बड़ी संख्या में जहां-तहां सूकर विचरण कर रहे हैं। जिसके चलते चहूं-ओर गंदगी का आलम बना हुआ है। लोगों ने नगर पंचायत अधिकारी, एसडीएम से मांग की है कि बरघाट में सूकरों के विचरण पर सख्ती से पावंदी लगाई जाए और नियमित रूप से साफ-सफाई के साथ नालियों आदि में दवाओं का छिड़काव कराया जाए।
दो दिन चलेगा सर्वे
बीएमओ ने बताया कि बुधवार व शुक्रवार को चार अलग-अलग टीमों द्वारा भ्रमण किया जाएगा। जो घर-घर सर्वे व लोगों को जागरूक करेंगे। सर्वे टीम में रविन्द्र तेकाम, तरुण ठाकुर, संघरत्ना कोमलवार, देवेश्वरी तुरकर, मुकेश चन्द्रवंशी, जितेन्द्र टेंभरे, रीतू श्रीवास, जितेन्द्र बिसेन, संजिव इनवाती, सविता बेद्रे, अजबलाल डहारे, राजकुमारी गजभिये, अनिता चौधरी शामिल हैं।

घर-घर सर्वे कार्य जारी
वार्ड क्रमांक दो निवासी वृद्ध महिला के स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद नगर में स्वास्थ्य टीमों का गठन कर घर-घर सर्दी, जुखाम से पीडि़त मरीजों की जांच कर उन्हें अस्पताल में उपचार कराने सलाह दी जा रही है। जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
उषा श्रीपाण्डे, बीएमओ,
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट

Published on:
20 Sept 2017 01:43 pm
Also Read
View All