
सिवनी. मध्य प्रदेश सडक़ विकास निगम(एमपीआरडीसी) ने एजेंसी के माध्यम से छिंदवाड़ा चौक से थोक सब्जी मंडी नागपुर रोड तक लगभग 630 मीटर लंबे रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य पूरा करा दिया है। अब इसकी रिपोर्ट भोपाल भेजी जाएगी। इसके बाद वहां से उद्घाटन की तारीख तय होगी। इस काम में दो हफ्ते लग सकते हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एमपीआरडीसी इसे नगर पालिका को हैंडओवर करेगी या फिर कोई प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बड़ी बात यह है कि शहर में लंबे इंतजार के बाद तैयार हुए रेलवे ओवरब्रिज के औपचारिक उद्घाटन से पहले ही लोगों ने इसका इस्तेमाल शुरू कर दिया है। ओवरब्रिज पर बाइक चालकों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मार्ग खुला मिलने पर दोपहिया वाहन चालक बिना उद्घाटन का इंतजार किए ब्रिज से आवागमन कर रहे हैं। रेलवे ओवरब्रिज के शुरू होने से संबंधित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। अब तक रेलवे क्रॉसिंग अथवा वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद रेलवे फाटक पर रुकने की समस्या से भी राहत मिलेगी। हालांकि, अभी तक इसका औपचारिक लोकार्पण नहीं हुआ है। इसके बावजूद ब्रिज पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही शुरू होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उद्घाटन से पहले मार्ग पर यातायात व्यवस्था, संकेतक, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी इंतजाम पूरी तरह सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि वाहन चालकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद अब इसका औपचारिक उद्घाटन जल्द किया जाना चाहिए। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे। लोगों को उम्मीद है कि ब्रिज पूरी तरह से यातायात के लिए अधिकृत रूप से खुलने के बाद आवागमन आसान होगा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव भी कम होगा।
लागत और परियोजना
यह निर्माण लगभग 109 से 117 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले फोरलेन सडक़ प्रोजेक्ट (नगझर से सीलादेही) का हिस्सा है। यह सिवनी नगर का पहला रेल ओवरब्रिज है। मध्य प्रदेश सडक़ विकास निगम ने लगभग दो साल पहले कार्य शुरु किया था, जो अब पूरा हो चुका है।
आए दिन रेलवे फाटक पर लगता है जाम
सिवनी शहर में तीन रेलवे फाटक हैं। प्रतिदिन यहां से आधा दर्जन से अधिक यात्री एवं मालगाड़ी ट्रेनों का परिचालन होता है। ऐसे में रेलवे फाटक अक्सर बंद रहता है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। छिंदवाड़ा चौक से नागपुर रोड की तरफ रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से लोगों को बड़ी राहत मिल जाएगी। हालांकि अभी छिंदवाड़ा रोड एवं बरघाट रोड पर ओवरब्रिज बनना शेष है।
अतिक्रमण पर चला था बुलडोजर
नगझर से सीलादेही तक सडक़ के दोनों तरफ 600 से अधिक मकान, 1000 से अधिक दुकानें हैं। कई मकान एवं दुकान अतिक्रमण के दायरे में आ गई थी। जिसे प्रशासन ने चिन्हित कर तोड़ा था। वहीं ओवरब्रिज निर्माण के दौरान लोगों को काफी समस्या का भी सामना करना पड़ा। आसपास के रहवासी लंबे समय तक धूल के गुबार से जूझते रहे। वहीं कार्याे को लेकर भी सवाल खड़े किए गए।
सवारी वाहन खड़े होने से बिगड़ेगी स्थिति
छिंदवाड़ा चौक पर ओवरब्रिज के शुरु में ही यहां वाहनों का भी काफी जमावड़ा लग रहा है। कई वाहनों की पार्किंग भी यहीं कर दी जा रही है। ऐसे में भविष्य में यातायात व्यवस्था भी बिगडऩे की संभावना है। पुलिस के लिए चौक पर व्यवस्था बनाना चुनौती होगा।
इनका कहना है…
ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। थोड़े बहुत काम हो गए हैं। अभी आवागमन के लिए ओवरब्रिज खोला नहीं गया है। भोपाल रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद वहीं से उद्घाटन का कार्यक्रम तय होगा।
एमके बर्वे, जीएम, एमपीआरडीसी