
शहडोल- बैगा सम्मेलन में शामिल होने आ रहे प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। सीएम सुरक्षा को लेकर बाहर से पुलिस कंपनियां बुलाई गई हैं। जिले के ग्रामीण अंचलों में सीएम शिवराज के चौपाल और रात्रि विश्राम के चलते पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों की मानें तो सीएम की सुरक्षा में लगभग आधा सैकड़ा से ज्यादा अफसर तैनात रहेंगे। इसके अलावा दो पुलिस कंपनियां और 600 पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल और गांव- गांव में पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासनिक अधिकारी एक लाख लोगों की संख्या मानकर सुरक्षा व्यवस्था का प्लान बनाया है। आईजी, कमिश्नर, डीआईजी और कलेक्टर एसपी हर दिन मौके पर पहुंचकर जायजा ले रहे हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं को दुरस्त कर रही हैं।
इस तरह पार्किग और आवागमन व्यवस्था
एएसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसा शहडोल, सीधी, उमरिया, जबलपुर, सिंगरौली की बस एवं अन्य वाहनों की पार्किंग हैलीपैड के पीछे पिपरतरा रोड में की जाएगी। शहडोल एवं सीधी के हितग्राही फेंसिंग के दाएं ओर से पैदल आमसभा पहुंचेंगे। उमरिया, जबलपुर, सिंगरौली के हितग्राही बाएं ओर से पैदल आमसभा पहुंचेगे। शहडोल अनूपपुर, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी से आने वाले वाहनों की पार्किग मंच के सामने पी ४ में की गई है। बुढ़ार की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक पार्किंग कटकोना स्कूल में की गई है। शहडोल की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक पार्किंग सिंघानिया क्रेशर एवं सेमरा रोड में विराट कॉलेज में की गई है।
50 से अधिक पुलिस अधिकारी भी रहेंगे
सीएम की सुरक्षा में आधा सैकड़ा से ज्यादा बड़े पुलिस अधिकारी भी व्यवस्था संभालेंगे। सुरक्षा प्लान के अनुसार चार एएसपी के अलावा 15 डीएसपी और 20 से ज्यादा इंस्पेक्टर्स को शामिल किया गया। हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक अफसर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा २५ यातायात पुलिस और 25 महिला पुलिस बल मौजूद रहेगा।
इनका कहना है
आईजी आईपी कुलश्रेष्ठ के मुताबिक बैगा सम्मेलन के अलावा सीएम का रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। दो कंपनियों के अलावा 600 पुलिस बल तैनात किया है। आधा सैकड़ा बड़े अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, जायजा ले रहे हैं।