श्रावण सोमवार के तीसरे दिन शिव भक्तों ने की भगवान शिव की पूजा अर्चना
श्रावण सोमवार के तीसरे दिन शिव भक्तों ने की भगवान शिव की पूजा अर्चना
शहडोल. श्रावण मास भगवान शिव की पूजा अर्चना के लिए विशेष माना गया है। शिव भक्त बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ भगवान आशुतोष की पूजा अर्चना में मगन हैं। खासकर श्रावण सोमवार के दिन विशेष अनुष्ठान रुद्राभिषेक के साथ ही धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। घर-घर पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को नगर के विराट मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, बूढ़ी माता मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर के साथ ही अन्य शिवालयों में बड़ी तादाद में शिवभक्त पहुंच पूजा अर्चना की। सुबह से हाथ में पूजन सामग्री लेकर शिव भक्त जलाभिषेक के लिए कतार लगाए नजर आए। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, शहद, घी से भगवान शिव का अभिषेक कर पुष्प, बिल्बपत्र सहित अन्य पूजन सामग्री से भगवान शिव का श्रंगार कर विधि विधान से पूजा अर्चना की। वहीं महिलाएं व युवतियां पूरा दिन व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना में लीन नजर आई। नगर के विराट मंदिर में सुबह से लंबी कतार लगी रही। मंदिरो में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। ऐसी मान्यता है कि श्रावण मास में भगवान शिव की विधि विधान से पूजा अर्चना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।