
शहडोल- दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहली बार शहडोल पहुंचीं भारतीय टीम की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्रकार बुधवार को शहडोल पत्रिका के ऑफिस भी पहुंचीं। इस दौरान उनके कोच आशुतोष श्रीवास्तव भी मौजूद थे। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना प्रत्येक खिलाड़ी का सपना होता है। पूजा ने भी यही सपना देखा था और आज ये सपना साकार हो गया। टीम इंडिया से खेलना पूजा के लिए, कोच आशुतोष के लिए और पूरे शहडोल के लिए गौरव की बात है। शहडोल पहुंचने पर पूजा वस्त्रकार का और उनके कोच आशुतोष श्रीवास्तव का पत्रिका परिवार ने स्वागत किया। इस दौरान पूजा के पिताजी भी साथ में थे। इस दौरान पूजा ने पत्रिका के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।
सवाल- कैसा रहा आपका पहला इंटरनेशनल टूर ?
जवाब- साउथ अफ्रीका दौरा मेरे लिए शानदार रहा, पहला इंटरनेशनल टूर था। डेब्यू वनडे मैच में थोड़ा दबाव जरूर था। लेकिन उसके बाद सबकुछ ठीक हो गया। टीम इंडिया से खेलने का उनका सपना साकार हुआ है। और अब वो आगे दमदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
सवाल- टीम की सीनियर गेंदबाज झूलन गोस्वामी नहीं खेल रहीं थीं, और आप गेंदबाजी में अगुवाई कर रहीं थीं प्रेशर तो रहा होगा ?
जवाब- नहीं ऐसा नहीं था, झूलन गोस्वामी लगातार सपोर्ट कर रहीं थीं, टीम के सभी सीनियर खिलाड़ी मॉटिवेट कर रहीं थीं। सपोर्ट स्टाफ काफी कोऑपरेटिव था, जिसका फायदा मिला। मैच दर मैच प्रेशर रिलीज होता गया। और फिर टीम इंडिया से खेलने का मेरा सपना साकार हुआ था, मुझे बेहतर खेल तो दिखाना ही था।
सवाल- आपने प्रेशर को कैसे हैंडल किया ?
जवाब- सच कहूं तो पहले वनडे मैच के बाद मैं काफी निराश हो गई थी, क्योंकि अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। लेकिन उसके बाद सीनियर गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने मुझे आकर समझाया कि तुम टेंशन ना लो तुम ऑलआउट क्रि केट खेलो अभी पूरी टी-20 सीरीज है तुम्हारा करियर लंबा है, तुम खेल को एंन्जॉय करो, प्रदर्शन अपने आप निकलकर आएगा। झूलन ने कहा कि जैसे डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलती आ रही हो वैसा खेलो, और फिर मैंने अपने प्लान के मुताबिक खेलना शुरू किया। और मुझे सफलता मिलनी शुरू हो गई।
सवाल- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज की क्या तैयारी है ?
जवाब- मुझे तो बस अपना गेम एंन्जॉय करना है मुझे किसी तरह का प्रेशर नहीं है। मैं जैसा पिछले 5-6 साल से खेलती आ रही हूं, मुझे तो बस इंटरनेशनल में भी वैसा ही खेलना है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज इंडिया में है तो थोड़ी बहुत प्रेशर रहेगा। लेकिन उस प्रेशर को पीछे छोड़ते हुए मुझे बेहतर खेल दिखाना है और खुद को साबित भी करना है। फिलहाल तो फिजियो ने आराम के लिए बोला है, लेकिन बैटिंग की प्रैक्टिस जारी रखूंगी। ऑस्ट्रेलिय दौरे के मद्देनजर संभवत: मुंबई में कैंप लगेगा, उसी में तैयारियों की सारी रणनीति बनेगी।