
जयसिंहनगर- सावधान रहिए, क्योंकि बाघिन जंगल में नहीं बल्कि आपके इलाके में घूम रही है। आबादी वाले क्षेत्र में बाघिन घूम रही है, वो भी अकेले नहीं, बल्कि अपने दो शावकों के साथ घूम रही है, पिछले दस दिनों से घूम रही है। बाघिन अपने दो शावकों के साथ है और भूखी भी है। क्योंकि अभी हाल ही में बाघिन ने एक शिकार भी किया है।
बाघिन ने किया शिकार
दरअसल बांधवगढ़ की सीमा पार कर जयसिंहनगर के कतिरा बीट में भटक रही बाघिन ने बुधवार को एक गाय को अपना शिकार बना लिया। जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है । बताया गया है कि ये बाघिन अपने दो शावकों के साथ दस दिनों से परमहंश आश्रम के आस-पास भटक रही है। वन विभाग बाघिन की सर्चिंग में लगा हुआ है। लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पा रही है।
इस तरह से बाघिन के घूमने से आस-पास के क्षेत्र के लोग डरे हुए हैं। क्योंकि पिछले कुछ समय से वन्य प्राणी लगातार जंगलों को छोड़कर आबादी वाले क्षेत्र में आ जा रहे हैं। इतना ही नहीं अभी तक वन विभाग की टीम बाघिन का पता नहीं लगा सकी है। जबकि पिछले कई दिन से बाघिन के अपने दो शावकों के साथ इस क्षेत्र में घूमने की खबर आती रही है।
गौरतलब है कि बांधवगढ़ पार्क की शरहद पारकर जनवरी महीने से अबतक दो बाघ, दो तेंदुआ और ये बाघिन आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच चुकी हैं। जिसमें अभी ज्यादा वक्त नहीं हुआ तीन माह पहले ही एक बाघ की बिजली के करंट से मौत भी हो चुकी है। जिनके द्वारा 32 मवेशियों का शिकार भी हो चुका है।
पिछले कुछ समय से ये लगातार देखा जा रहा है कि वन्य प्राणी जंगल छोड़कर आबादी वाले क्षेत्रों में आ रहे हैं, ये एक बड़ा सवाल है, कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है, जो वन्य प्राणी हमेशा जंगलों में ही रहते थे। अपने क्षेत्र में ही रहते थे अब वो अपना ठिकाना बदलकर आबादी वालों क्षेत्रों में आ जाते हैं। जिसकी वजह से पिछले कुछ समय में कई वन्य प्राणियों की मौत हुई है। जिसमें बाघ और तेंदुआ शामिल हैं।