शहडोल

अरे इतने बड़े बांध का गिर गया जलस्तर, जानिए इससे अब क्या होगा नुकसान ?

पढि़ए पूरी खबर...
2 min read
• •
Updated: 26 Apr 2018, 1:57 PM IST
Big dam in hard, Know what will happen now?

शहडोल - गर्मी बढ़ी नहीं कि पानी की समस्या शुरू हो चुकी है, और सबसे बड़ी दिक्कत वाली बात ये है कि जिस बड़े बांध से शहर के लिए पानी आता है, उस सरफा बांध का जल स्तर लगातार नीचे गिरता जा रहा है। सरफा बांध में अब लगभग सिर्फ 6 मीटर पानी बचा है। लगभग 11 मीटर ऊंचे बांध में 6 मीटर पानी बचा है, शेष में सिल्ट जमा होने के कारण नगर में इस समय कुछ मुहल्लों को छोड़ सिर्फ आधे घंटे की पानी की सप्लाई हो पा रही है।

ऐसे में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नगरपालिका द्वारा पानी की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अब तक कोई इंतजाम नही किए गए हैं, जिससे समस्या विकराल होने लगी है। नपा द्वारा नगर की लगभग एक लाख आबादी में पानी की समस्या को दूर करने के लिए लगभग 23 करोड़ रुपए की लागत से मुख्यमंत्री पेयजल योजना के तहत नगर में पांच पानी की टंकियों के अलावा इंटकवेल और मेन पाइप लाइन का निर्माण कार्य कराया गया, लेकिन इसके बाद भी नगर की लगभग 60 फीसदी आबादी में पाइप लाइन का विस्तार नहीं होने के चलते लोग हैंडपंपों और निजी जल श्रोतों का सहारा लेकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।

गौरतलब है कि सरफा नदी में बनाए गए बांध में पानी की कमी के कारण आने वाले मई और जून के महीने में पानी की समस्या होनी अभी से शुरू हो गई है।

नगर में पानी की समस्या और लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए नगरपालिका द्वारा सरफा से लगभग २५ किलोमीटर दूर सिंचाई विभाग द्वारा किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए मिठौरी में बनाए गए बांध से पानी सरफा नदी में पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। नगरपालिका मिठौरी बांध से सरफा में पानी लाएगी और इसके बाद नगर में पानी की सप्लाई की जाएगी।


इनका कहना है
नगरपालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे के मुताबिक नगर में पांच पानी की टंकियों का निर्माण मुख्यमंत्री पेयजल योजना के तहत कराया गया है, नगर के कोनी में पाइप लाइन का विस्तार शुरू किया गया है। नगर के अन्य क्षेत्रों में पाइप लाइन जल्द ही बिछाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।

टंकी बनी नहीं बिछी पाइप लाइन
नगर की लगभग एक लाख आबादी में से सिर्फ लगभग 6 हजार घरों में ही नगरपालिका नल कनेक्शन दे पाई है, शेष बची लगभग 60 फीसदी आबादी में अब तक पानी की पाइप लाइन तक नहीं बिछ़ाई गई है। बताया गया है कि नगर के कोनी, बलपुरवा, पाली रोड न्यायालय के पीछे, पाण्डवनगर मुडऩा नदी के किनारे, कहार मुहल्ला, निगम कॉलोनी के पीछे, पुरानी बस्ती, नरसरहा, नए बस स्टैंड के पीछे बाणगंगा कॉलोनी, पटेल नगर, सोहागपुर, रीवा रोड, घरौला मुहल्ले का आधा क्षेत्र और बुढ़ार रोड, एफसीआई गोदाम और सिंहपुर रोड़ सहित नगर के अन्य मुहल्लों में पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है, जिससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

Published on: