शहडोल

तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर चल रहा बड़ा खेल, खड़े हो रहे सवाल

पढि़ए पूरी खबर...
2 min read
• •
Updated: 30 May 2018, 6:14 PM IST
big game going on the name of beautification of the pond
तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर चल रहा बड़ा खेल, खड़े हो रहे सवाल

शहडोल- नगरपालिका द्वारा तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के नाम पर शासकीय राशि की होली खेली जा रही है। ऐसा ही मामला नगर के पोनांग और लल्लू तालाब का सामने आया है, जिसमें ठेकेदार द्वारा व्यापक पैमाने पर अनियमिताएं की गई हैं। इस मामले को लेकर नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम और भाजपा तथा कांग्रेस के पार्षदों ने सवाल उठाए हैं। पार्षदों और नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम ने पोनांग तालाब का निरीक्षण करने के बाद मामले को परिषद की बैठक में उठाया था, इसके बाद नगरपालिका के उपयंत्री वनस्पति पाण्डेय ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद ठेकेदार को घटिया निर्माण और गुणवत्ता को लेकर नोटिस जारी करने के बाद जवाब तलब किया है।

गौरतलब है कि पोनांग तालाब का हाल में प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य और उसकी गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जाहिर की थी, बावजूद इसके ठेकेदार द्वारा मनमानी निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

90 लाख का खेल

पोंनांग तालाब के नाम पर अब तक नगरपालिका द्वारा पहले 7 लाख 50 हजार और इसके बाद 24 लाख और अब 58 लाख रुपए का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार की मनमानी का आलम यह है कि पहले सीसी सड़क और इसके बाद पेवर ब्लाक का निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन कराया जा रहा है।

ठेकेदार के मनमानी निर्माण कार्य को लेकर तकनीकी जानकारों ने भी सवाल उठाते हुए कहा था कि तालाब की मेढ़ काटकर उसमें सड़क बनाना उचित नहीं है, इससे तालाब में पानी का भराव कम होगा और गर्मी के दिनों में तालाब सूख जाएगा।

ठेकेदारों को हमने नोटिस जारी किया है

शहडोल नगरपालिका के उपयंत्री वनस्पति पांडेय ने कहा पोंनांग तालाब के निर्माण मामले में निरीक्षण करने के बाद हमने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। गुणवत्ता के साथ किसी हाल में समझौता नहीं किया जाएगा। अगर सुधार नहीं किया गया तो ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाएगा।

Updated on:
30 May 2018, 6:14 PM IST
Published on: