शहडोल

एमपी में बड़ी डकैती, बंदूकों से लैस 5 बदमाशों ने किसान दंपती को बनाया बंधक, लाखों के जेवरात लेकर फरार

Big Robbery In MP : हथियारों से लैस 5 से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।

2 min read
Big Robbery In MP
शहडोल में किसान के घर लाखों की डकैती (Photo Source- Patrika)

Big Robbery In MP : मध्य प्रदेश में अपराधियों के होसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी ताजा बानगी शहडोल में देखने को मिली। जिले के बुढार थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम धनगांव में डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हथियारों से लैस 5 से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार के घर में लाखों की डकैती की है। बताया जा रहा है कि, बदमाशों ने हथियारों के दम पर पहले तो दंपती को बंधक बनाया। फिर उनके घर से लाखों रुपए नगद और जेवरात लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि, बदमाशों में महिला के गले में मंगलसूत्र तक नहीं छोड़ा। सबकुछ लूटकर ले गए हैं।

बताया जा रहा है कि, इलाके में रहने वाले किसान ओमप्रकाश केवट के घर पर बीती देर रात बदमाशों ने धावा बोला। सभी आरोपी बंदूकों और धारदार हथियारों से लैस थे और घर में घुसते ही बदमाशों ने किसान ओमप्रकाश और उनकी पत्नी को हथियारों की नोक पर कब्जे में ले लिया। इसके बाद पति-पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर दोनों के मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वे किसी तरह का शोर न मचा सकें। घर के भीतर करीब आधे घंटे तक बदमाश आतंक मचाते रहे। अलमारियों और संदूकों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर दंपती को बंधा छोड़कर भाग निकले।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की

बदमाशों के जाने के बाद दंपती ने कड़ी मशक्कत से खुद को बंधन से मुक्त किया और तत्काल बुढार थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ग्रामीणों में दहशत

इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एक तरफ पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ बंधक बनाकर लूट जैसी वारदातें बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल हैं। वहीं लोग सवाल कर रहे हैं कि, आखिर बदमाशों को पुलिस का खौफ क्यों खत्म होता जा रहा है?

Published on:
01 Feb 2026 12:38 pm