Amadih- जयसिंहनगर तहसील की उप तहसील को आमाडीह को तहसील बनाने का ऐलान किया
Amadih- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के गंधिया स्थित सीतामढ़ी धाम में जनजातीय हितग्राही सम्मेलन में शामिल हुए। माता शबरी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीतामढ़ी परिसर में शबरी प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने शहडोल जिले के लिए 747 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत वाले 139 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इसमें 613 करोड़ रुपए से अधिक लागत से 79 कार्यों का लोकार्पण तथा 134 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 60 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जयसिंहनगर तहसील की उप तहसील आमाडीह को अलग कर स्वतंत्र तहसील बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग का समग्र कल्याण हमारी प्राथमिकताओं में है। प्रदेश में पीएम जन-मन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ 30 लाख रुपए और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 401.56 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जा चुका है। सरकार ने जनजातीय समाज के नायकों की गौरव गाथाओं को शैक्षिक पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है।
गंधिया को राम वन गमन पथ विकास योजना में शामिल करने की घोषणा करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि
मध्यप्रदेश को श्रीराम का विशेष स्नेह मिला। चित्रकूट में उन्होंने 11 वर्ष बिताए। गंधिया में भी श्रीराम 11 रात रहे। सीएम मोहन यादव ने बताया कि गांव के विकास के लिए सरकार ने करीब 80 लाख रुपए मंजूर किए हैं। उन्होंने ब्यौहारी में 30 बिस्तर का अस्पताल बनाने की घोषणा की।
सीतामढ़ी धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने तथा वन्य जीव पर्यटन गतिविधियों के विकास-विस्तार के लिए क्षेत्रीय संजय डूबरी टाइगर रिजर्व का एक गेट ब्यौहारी की तरफ भी खोलने की भी सीएम मोहन यादव ने घोषणा की। क्षेत्र में बहुतायत से होनेवाले महुआ और कटहल से बनने वाली औषधियों एवं अन्य उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने यहां औद्योगिक विकास केंद्र खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिले में नई तहसील का भी अहम ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जयसिंहनगर तहसील क्षेत्र की उप तहसील आमाडीह को तहसील बनाया जाएगा। सीएम मोहन यादव ने इसके लिए आवश्यक परीक्षण कराने की घोषणा की। इस प्रकार सीएम की घोषणानुसार जयसिंहनगर तहसील दो टुकड़ों- जयसिंहनगर और आमाडीह में बंट जाएगी।
जयसिंह नगर के लिए बायपास बनवाने का भी ऐलान किया।
जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को क्षेत्र को विभिन्न सौगातों के लिए धन्यवाद दिया। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कार्यक्रम में कटनी से ब्यौहारी होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, औद्योगिक केन्द्र की स्थापना सहित विभिन्न मांगें रखीं। ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल ने कहा कि 70 साल की प्रतीक्षा के बाद यहां मुख्यमंत्री आए हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, उपाध्यक्ष फूलवती सिंह, जयसिंहनगर जनपद अध्यक्ष मालती सिंह, ब्यौहारी जनपद अध्यक्ष आकांक्षी सिंह, कमिश्नर सुरभि गुप्ता और कलेक्टर डॉ. केदार सिंह भी उपस्थित रहे।