
गश्त के दौरान पुलिसकर्मी को लगी आग लगने की जानकारी
शहडोल. सोहागपुर थाना क्षेत्र के बाणगंगा मेला मैदान के समीप सोमवार की अलसुबह एक पार्सल गोदाम में आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी लगते ही दमकल व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 50 लाख से अधिक का सामान नुकसान होना बताया जा
रहा है। जानकारी के अनुसार बाणगंगा मेला मैदान के समीप एसएस पार्सल गोदाम संचालित किया जा रहा था। संचालक शिवम दुबे बीती रात गोदाम बंद कर अपने घर चला गया था। सुबह करीब 4 बजे सोहागपुर थाना में पदस्थ आरक्षक शशि यादव को भ्रमण के दौरान उसकी नजर गोदाम में पड़ी। आरक्षक ने देखा की शटर के नीचे से तेज धुंआ उठ रहा है, उसने बिना देर किए दमकल विभाग के साथ ही थाने को सूचित किया। जानकारी मिलते ही पुलिसबल व दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक ने गोदाम के बाहर लिखे संचालक के नंबर में फोन कर उसे भी घटना की जानकारी दी।
दमकल विभाग व पुलिस कर्मियों की माने तो गोदाम के अंदर प्लास्टिक के सामान के साथ दवाईयां, जूते, कूलर, सहित हार्डवेयर का सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल के चार बड़े वाहन व एक छोटे वाहन के साथ 10 सदस्यीय टीम को भेजा गया था। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गोदाम के अंदर दो चार पहिया वाहन भी थे, इसमें एक वाहन को नुकसान हुआ है, लेकिन दूसरे वाहन को सुरक्षित निकाल लिया गया था। पुलिस व दमकल की तत्परता से गोदाम के अंदर से करीब 30 लाख से अधिक का सामान सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पार्सल गोदाम संचालक शिवम दुबे ट्रांसपोर्ट का काम करता है। शहडोल शहर सहित आसपास के क्षेत्र के व्यापारियों का सामान बाहर से यहां पहुंचता था, इसके बाद यहां से संबंधित व्यापारी को पार्सल भेजा जाता था। गोदाम के अंदर 100 से अधिक कूलर, फ्रिज, दवाई, कुर्सियां सहित अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
आरक्षक को भ्रमण के दौरान जानकारी मिली कि गोदाम से धुंआ निकल रहा है। उसने दमकल विभाग को जानकारी दी। गोदाम के अंदर रखे करीब 50 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया, आग लगने का कारण अभी अज्ञात है, जांच की जा रही है।
भूपेन्द्रमणि पांडेय, थाना प्रभारी सोहागपुर