शहडोल

बिपिन रावत की खबर से ससुराल में बेचैनी, राजपरिवार की बेटी थीं पत्नी मधुलिका रावत

helicopter crash bipin rawat news- मधुलिका के पिता मृगेंद्र सिंह दो बार कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं...।

2 min read
Dec 08, 2021

भोपाल/शहडोल। देश के सीडीएस बिपिन रावत (General Bipin Laxman Singh Rawat) का मध्यप्रदेश से गहरा नाता है। उनकी ससुराल मध्यप्रदेश के शहडोल में है। उनकी पत्नी मधुलिका रावत मध्यप्रदेश के राजपरिवार की बेटी है। बुधवार को सुबह जो हेलीकाप्टर क्रेश हुआ उसमें मधुलिका भी सवार थीं। गौरतलब है कि तमिलनाडू में हुए हेलीकाप्टर क्रैश में 14 लोगों में से 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है।

मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर स्थित गढ़ी में बिपिन रावत की ससुराल है। उनकी पत्नी मधुलिका रावत यही पर पली और बढ़ी हुई। वे स्व. कुंवर मृगेंद्र सिंह की पुत्री हैं। मृगेंद्र सिंह रीवा घराने से ताल्लुक रखते हैं।

रावत की मधुलिका सिंह से शादी 1985 में हुई थी। जनरल रावत और मधुलिका की दो बेटी हैं। बड़ी बेटी कृतिका रावत है, जिनकी शादी मुंबई में हुई है, जबकि छोटी बेटी तारिणी अभी पढ़ाई कर रही हैं। विपिन रावत के ससुर मृगेंद्र सिंह शहडोल के सोहागपुर से 1967 और 1972 में कांग्रेस से दो बार विधायक रह चुके हैं।

मधुलिका के मायके में हर कोई परेशान

बुधवार सुबह तमिलनाडू में हुए हेलीकाप्टर हादसे में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। हेलीकाप्टर में बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 14 लोग सवार बताए गए हैं। इस हादसे की सूचना मिलते ही मधुलिका के मायके में हर कोई बेचैन है। हर पल टीवी पर मधुलिका और बिपिन रावत की सलामती की खबर तलाश रहे हैं। भगवान से प्रार्थना की जा रही है।

मधुलिका के भाई परेशान

मधुलिका के भाई यशवर्धन सिंह से जब संवाददाताओं ने संपर्क किया तो, उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि दीदी और जीजाजी हेलीकाप्टर में थे और वह क्रैश हो गया। हम सब परेशान हैं। अभी ज्यादा जानकारी भी हमको नहीं है। हम लगातार संपर्क कर रहे हैं, ताकि पुख्ता जानकारी मिल सके।

गढ़वाल में जन्मे बिपिन रावत

बिपिन रावत उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में पैदा हुए थे। 1978 से भारतीय सेना में थे। उन्हें 1978 में भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून से ग्यारह गोरखा राइफल्स की पांचवी बटालियान में नियुक्त किया गया था। उन्हें स्वार्ड आफ ऑनर भी मिल चुका है।

Updated on:
08 Dec 2021 04:54 pm
Published on:
08 Dec 2021 04:50 pm
Also Read
View All