शहडोल

अगर ऐसे ही रहे हालात, कैसे स्वच्छ होगा शहर ?

पढि़ए पूरी खबर...
2 min read
• •
Updated: 30 May 2018, 11:40 AM IST
If such a situation exists, how will the city clean?
अगर ऐसे ही रहे हालात, कैसे स्वच्छ होगा शहर ?

शहडोल- शहर में स्वच्छता अभियान कैसा चल रहा है, लोग कितने जागरुक हैं और नगर पालिका कितने संजीदा होकर कार्य कर रही है, इसका उदाहरण सार्वजनिक स्थानों पर लगे डस्टबिन के गायब होने से लगाया जा सकता है। एक के बाद एक कचरे के डब्बे नजरों से ओझल होते जा रहे हैं और नपा अमले को इसकी जानकारी तक नहीं है।

डिब्बों में टूट-फूट होने के बाद नपा अमले ने इन्हें स्वयं निकाला या चोर ले गए किसी को कुछ पता नहीं है। स्वच्छता अभियान के तहत शहर में 45 चिह्नित जगहों पर और शहर की मुख्य सड़कों पर 21 जगहों पर कचरादान स्थापित किए थे।

नगरपालिका अमले ने व्यावसायिक जगहों को चिह्नित कर सड़क किनारे रंग-बिरंगे डस्टबिन रखवाए थे, ताकि व्यापारी व आम लोग दुकानों से निकलने वाला कचरा नगरपालिका के डस्टबिन में ही डालें और शहर की सड़कों पर गंदगी कम हो। नपा की कचरा गाडिय़ां इन डस्टबिन से कचरा उठातीं थीं। लेकिन शहर में अब डस्टबिन गायब हो रहे हैं, जिसका केवल फ्रेम ही सड़कों के किनारे लगा दिखाई दे रहा है।

सरकारी अभियान को बड़ा रूप देते हुए नगरपालिका ने शहर में कदम-कदम पर कचरादान लगाने की योजना बनाई थी, कुछ जगहों पर कचरादान लगाए भी गए। पर चंद महीनों में डस्टबिन टूटने-फूटने लगे, आवारा मवेशी भी डस्टबिन को तोड़-फोड़ रहे हैं। अब हालात यह हैं कि कुछ जगहों पर डस्टबिन गायब हैं, जहां बचे हैं वहां भी उनके ढक्कन गायब हैं, तो कुछ जगहों पर टूटे-फूटे कचरादान फ्रेम में लटक रहे हैं। स्थानीय लोगों का सहयोग न मिलने के कारण नगरपालिका ने भी अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। अध्यक्ष का कहना है कि लोग स्वच्छता में सहयोग ही नहीं कर रहे हैं, लोग यदि सहयोग करते तो आगे भी शहर में गंदगी को दूर करने और डस्टबिन लगाने की योजना थी।

इनका कहना है

नगरपालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे के मुताबिक स्वच्छता अभियान के तहत डस्टबिन लगाए जा रहे थे, लेकिन शहर के आम लोगों ने सहयोग नहीं किया, दुकानों के सामने डस्टबिन लगाने से मना किया गया, जिस कारण अब आगे और डस्टबिन तो नहीं लगाए जा रहे हैं, लेकिन पहले से मौजूद कचरादान गायब हो गए हैं तो मैं उसकी जानकारी लेती हूं।

Published on: