
जानिए आखिर क्यों मुर्गे की वजह से उसे गंवानी पड़ी जान ?
शहडोल- गोहपारू थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुकरौंध गांव में पारिवारिक विवाद पर एक युवक ने आवेश में आकर पत्नी की पीट पीटकर हत्या कर दी। पत्नी की सिर्फ इतनी गलती थी कि रात के वक्त मुर्गा बनाने से मना कर दिया था। मामले में मृतका की पुत्री और पड़ोसियों ने ही पुलिस को साक्ष्य और बयान दिए हैं। गोहपारू प्रभारी भानू प्रताप सिंह के अनुसार कुकरौंध निवासी रमेश बैगा और मैकी बाई का मंगलवार को विवाद हुआ था। इस दौरान ६ वर्षीय बालिका झगड़ा देखकर पड़ोस में चली गई थी। पड़ोसियों ने समझाइश देकर दोनों को शांत कराया। इसके बाद रात को आरोपी रमेश शराब के नशे में पत्नी के सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की पूछताछ में यह सामने आया कि पति रमेश रात में मुर्गा, तेल, मसाला और चावल लेकर घर आया था।
रात में ही मुर्गा बनाने की जिद कर रहा था लेकिन पत्नी मैकी बाई ने मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर रात में सोते वक्त सिर पर वार कर दिया। खून अधिक निकलने से महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज की।
-----------------------------
अवैध परिवहन करते दो वाहन पकड़ाए
शहडोल- ब्यौहारी क्षेत्र के अंतर्गत खनिज विभाग की टीम ने गिट्टी और बोल्डर का अवैध परिवहन करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है। खनिज निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि ब्यौहारी निवासी संजय सिंह और जीतेन्द्र पयासी के वाहन से अवैध परिवहन हो रहा था। संजय सिंह के हाइवा से गिट्टी और जीतेन्द्र पयासी के टै्रक्टर से बोल्डर का अवैध परिवहन हो रहा था। दोनों वाहन चालकों के पास कोई दस्तावेज न होने के बाद भी अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा था। सूत्रों की मानें तो रसूख के चलते कई अधिकारियों का फोन घनघनाने लगा था। खनिज विभाग ने ब्यौहारी थाना में वाहनों को खड़े कराया है।