
शहडोल. अनूसुचित जाति जनजाति आयोग की संभागीय समीक्षा बैठक में आयोग अध्यक्ष और अफसर एक साथ बैठे तो कई समस्याएं सामने आई। समीक्षा में एक के बाद एक समस्याएं सामने आती गई। कहीं जलाशय तो बना दिया गया था लेकिन अब तक सूखा पड़ा है तो कहीं पर घर घर बिजली पहुंचाने के नाम पर बिजली पोल को रख दिए गए हैं लेकिन बिजली नहीं पहुंची। आयोग अध्यक्ष नरेन्द्र मरावी ने निर्देश दिए कि पुष्पराजगढ़ के बेलडोंगरी में 2012 में विद्युतीकरण शुरू हुआ था। आदिवासी बहुल हाने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। यहां गाांव में खंभे रख दिए गए हैं। इसी तरह अनूपपुर नूनघाटी जलाशय में पानी का भराव नहीं हुआ है, जिससे करोड़ो की लागत का बांध उपयोगहीन साबित हो रहा है। अध्यक्ष ने कई मामलों में नाराजगी भी जताई। अध्यक्ष जनजातीय आयोग नरेंद्र मरावी ने शहडोल संभाग के सभी शासकीय अधिकारियों से अपील करते हुए कहा है कि वे आदिवासी समाज के विकास और आदिवासियों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। अध्यक्ष जनजातीय आयेाग ने कहा कि आगामी दिवसोंं मे शहडोल संभाग के विकास खण्डों में जनजातीय आयोग आदिवासियों से संबंधित प्रकरणों की जल्द ही सुनवाई करेगा। जिससे आदिवासी परिवारों को राहत मिलेगी। बैठक में संभागीय कमिश्नर जेके जैन के अलावा कलेक्टर अनुभा श्रीवास्तव, कलेक्टर अनूपपुर अनुग्रह पी कलेक्टर उमरिया मॉल सिंह, सीईओ एसकृष्ण चैतन्य, उपायुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग जगदीश सरवटे, वन मण्डलाधिकारी शशांक शेखर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बेलडोंगरी में तुरंत शुरू कराएं काम
अध्यक्ष जनजातीय आयोग नरेंद्र मरावी ने शहडोल संभाग के जनजातीय बहुल गांवों में विद्युतीकरण के कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निद्रेश दिये हैं। उन्होने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा है कि अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलडोंगरी क्षेत्र में वर्ष 2012-13 से विद्युतीकरण के कार्य को प्रारंभ किया गया है, किंतु खंभे गिरने के बावजूद अभी तक इस आदिवासी बहुल गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। अध्यक्ष जनजातीय आयोग ने इस उदासीनता पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे बेलडोंगरी क्षेत्र में विद्युतीकरण का कार्य तत्काल प्रारंभ करायें। अध्यक्ष जनजातीय आयोग ने यह भी निर्देश दिये हैं कि शहडोल संभाग के अन्य जनजातीय बहुल गांवों में जहां विद्युतीकरण का कार्य स्वीकृत है वहां भी विद्युतीकरण का कार्य समय सीमा में पूर्ण करना सुनिचिचत करें।