90 पार हो सकता है पेट्रोल का दाम, लगातार बढ़ती कीमत से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ी
शहडोल. पेट्रोल और डीजल की कीमतों के बढऩे का सिलसिला मंगलवार को भी नहीं थमा। जिला मुख्यालय में मंगलवार को पेट्रोल की कीमत 10 पैसे प्रति लीटर बढक़र 89.66 रुपये प्रति लीटर हो गई और डीजल की कीमत 9 पैसे प्रति लीटर के उछाल के साथ 79.49 रुपये प्रति लीटर हो गई। इस प्रकार पेट्रोल के दाम अब प्रति लीटर की दर से 90 रुपए और डीजल 80 रूपए होने के लिए बेचैन है। गौरतलब है कि पिछले एक अगस्त से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगभग हर रोज उछाल आया है। इस बीच इन कीमतों में 13 अगस्त को गिरावट देखने को मिली थी। जानकारों का मानना है कि रुपये में गिरावट और ज्यादा एक्साइज ड्यूटी, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजहें हैं। इस बीच सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल सहित अन्य बाहरी कारकों को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार ठहरा रही है। इस प्रकार पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार फिर नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए। ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण कच्चे तेल की उच्च कीमत और डॉलर के खिलाफ रुपये में हो रही गिरावट है। रुपये में गिरावट के कारण तेल का आयात महंगा पड़ता है, क्योंकि कच्चे तेल की खरीदारी डॉलर में की जाती है।
सितम्बर में नहीं घटी कीमतें
पिछले एक सितम्बर से आज तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर यदि हम नजर दौड़ाए तो इस महीने में अभी तक एक भी दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक भी पैसे की गिरावट नहीं है। एक सितम्बर को पेट्रोल की कीमत 86.09 रुपए और डीजल की कीमत 75.82 रुपए प्रति लीटर रही, जो अठ्ठारहवें दिन बढक़र पेट्रोल 81.66 रुपए और डीजल 79.49 रुपए हो गई। यानि 18 दिनों में पेट्रोल का दाम 3.57 रुपए और डीजल के दाम में ३.६७ रुपए बढ़ गए।
ऐसे बढ़ रहे दाम
दिनांक पेट्रोल डीजल
11 सित. 88.35 78.54
12 सित. 88.35 78.54
13 सित. 88.48 78.66
14 सित. 88.77 78.89
15 सित. 89.12 79.14
16 सित. 89.41 79.33
17 सित. 89.56 79.40
18 सित. 89.66 79.49
(यह दाम हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के रुपए प्रति लीटर है, जबकि इससे भारत पेट्रोलियम के दाम 11-12 पैसे कम रहता है)