प्रदेश में सबसे ठंडा क्षेत्र बना हुआ है कल्याणपुर
प्रदेश में सबसे ठंडा क्षेत्र बना हुआ है कल्याणपुर
शहडोल. वर्ष 2025 अपनी खट्टी-मीठी यादों के साथ विदा हो गया, लेकिन शहडोल को प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र होने की नई पहचान दे गया। इस सीजन में शहडोल का कल्याणपुर पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा क्षेत्र बना हुआ है। पचमढ़ी, अमरकंटक जैसे पहाड़ी क्षेत्रों को पीछे छोड़ते हुए कल्याणपुर में लगातार सबसे कम तापमाप दर्ज किया जा रहा है। 30 दिसंबर को इस सीजन का सबसे कम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कल्याणपुर में ही दर्ज किया गया। पिछले 8 दिन से लगातार समूचा अंचल शीतलहर की चपेट में है। आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो शहडोल के इतिहास में वर्ष 2025 सबसे अधिक ठंडा रहा है। दिसंबर माह में 28 दिन जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। वहीं पिछले 8 दिन से तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है। इतना ही नहीं इस माह 8 बार ऐसा हुआ जब शहडोल का कल्याणपुर पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। संभवत: यह शहडोल जिले के इतिहास में सबसे कम तापमान है। इसके पहले कभी इतना कम और इतने समय तक लगातार तापमान में गिरावट दर्ज नहीं की गई है। इससे पहले दिसंबर में एक-दो बार ही तापमान 5 डिग्री तक पहुंचा है।
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार उत्तर की ओर से आ रही सर्द हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कल्याणपुर का तापमान कम होना, वहां की भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से भी है। एक-दो दिन कुछ राहत रहेगी, इसके बाद फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। शहडोल जिला मुख्यालय से लगे कल्याणपुर की इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल की ओर से जारी होने वाले डेली रिपोर्ट में अक्सर कल्याणपुर का नाम प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले सेंटर के रूप में दर्ज रहता है। जिला मुख्यालय से करीब 2 किमी दूर कल्याणपुर ग्राम पंचायत है, जो लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। इसके अंतर्गत कल्याणपुर, विचारपुर और कोयलारी गांव आते हैं। आबादी लगभग 4 हजार है। कल्याणपुर की भौगोलिक संरचना इस तरह है कि इसका एक क्षेत्र पूरी तरह से वन क्षेत्र से घिरा हुआ है। वहीं तीन ओर से यह मुडऩा नदी से घिरा है। गांव के भीतर भी हरियाली है।
एक सप्ताह का तापमान
31 दिसंबर 3.2
30 दिसंबर 1.7
29 दिसंबर 3.8
28 दिसंबर 2.8
27 दिसंबर 3.2
26 दिसंबर 3.4
25 दिसंबर 5.0