
तो इस ढाबे से होती थी मवेशियों की तस्करी, दो ट्रक जब्त
देवलोंद से गोहपारू के रास्ते कोतमा ले जा रहे थे मवेशी
शहडोल- जिले के देवलोंद में स्थित ढाबा से अन्य प्रांतों में स्थित बूचडख़ाना के लिए मवेशी भेजे जाते थे। इस बात का खुलासा सोमवार की अलसुबह हुई गोहपारू पुलिस की कार्रवाई में हुआ है। देवलोंद ढाबा से मवेशियों को दो अलग-अलग ट्रकों में ठसाठस लोड किया गया था। इसके बाद ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू के रास्ते कोतमा भेजा जा रहा था, जिसके बाद बूचडख़ाना भेज दिया जाता।
हालांकि गोहपारू पुलिस ने अलसुबह कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है। गोहपारू प्रभारी भानू सिंह ने बतया कि वाहन क्रमांक एमपी 19 एचए 0279 और एमपी 19 एचए 4196 में देवलोंद से मवेशियों को लोड करके कोतमा भेजा जा रहा था। एक ट्रक में 30 मवेशी और दूसरे ट्रक में 28 मवेशी लोड थे।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों ट्रक के चालक और कुछ साथी भाग निकले, हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा है। जिन्होने पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार अनीत दाहिया और सुमेर सिंह निवासी केशवाही को पकड़ा है। वाहनों से जब्त किए गए मवेशियों की कीमत ३ लाख आंकी गई है। पुलिस ने चालक सदाम, निहाल अख्तर, अनीत दाहिया, चालक देवता, पुनीत सिंह, सुमेर सिंह सहित तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में गोहपारू प्रभारी भानू सिंह, गिर्राज कसाना, हदेश भदौरिया की भूमिका थी।
पहले हुई थी कार्रवाई
देवलोंद, ब्यौहारी, गोहपारू, कोतमा, केशवाही क्षेत्र से पिछले लंबे समय से मवेशियों की तस्करी की जाती है। देवलोंद ब्यौहारी के बीच स्थित ढाबा से पूर्व में भी पशुओं की तस्करी की जाती थी। कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन फिर तस्करी शुरू हो गई। देवलोंद ब्यौहारी के बीच स्थित ढाबा से पूर्व में भी पशुओं की तस्करी की जाती थी। कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन फिर तस्करी शुरू हो गई।