पढि़ए पूरी खबर
शहडोल- शिक्षण कार्य के लिये एक गांव से दूसरे गांव जाने वाले बच्चों को राहत प्रदान करने के लिये सरकार ने साइकिल वितरण योजना प्रारंभ की थी। इस योजना के क्रियान्वयन में हो रही लेट-लतीफी के चलते छात्रों को इसका वास्तवित लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिन साइकिलों का शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के साथ वितरण होना चाहिए वह साइकिल शिक्षा सत्र समापन के समय वितरित की जा रही हैं। इस बार फिर से सरकार ने पैसों की बजाय साइकिल देने का निर्णय लिया है।
जिसके लिये अलग-अलग कंपनियों को साइकिल सप्लाई का ठेका दिया गया है। साइकिल सप्लाई के बाद 1 वर्ष की वारंटी रहेगी। साइकिल प्रदायक द्वारा ब्लाक स्तर तक साइकिल प्रदान की जाएगी। साथ ही सप्लायर साइकिल विक्रय उपरांत रख-रखाव के लिये ब्लाक स्तर पर उसके अधीकृत सर्विस सेंटर की सूची उपलब्ध कराएगा।
इस सर्विस सेंटर पर सीआरएसी जारी होने की दिनांक से एक वर्ष की वारंटी अवधि में साइकिल में मेंन्युफेक्चरिंग, डिफेक्टस एवं पुअर वर्कमेनशिप कारणों से होने वाले रखरखाव को करेगा। इसके साथ ही सप्लायर ब्लाक स्तर पर सायकिल सप्लाई के प्रथम 6 माह में एक सर्विस कैम्प का भी आयोजन करेगा। जिसमें सायकिल का निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत की जाएगी। सर्विस कैम्प की जानकारी छात्रों को समय पर मिल सके इसके लिये बीईओ / बीआरसी एवं प्रदायकर्ता व्यापक प्रसार भी करेंगे।
5 ब्लॉकों के लिए आए पार्ट
जिले के सभी विद्यालयों में साइकिल वितरण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाना है। इसके लिये ब्लॉक स्तर पर साइकिलों के पार्ट पहुंच चुके है। जिन्हे असेम्बल्ड करने का कार्य किया जा रहा है। सायकिलों के असेम्बल होने के साथ ही इन्हे संबंधित विद्यालयों तक पहुंचा दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि 20 फरवरी तक विद्यालयों के प्राचार्यों तक साइकिल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वितरित की जाएंगी साइकिल
बताया जा रहा है कि कक्षा 9 वीं में अध्ययनरत लगभग 9 हजार 800 छात्रों को साइकिल वितरित किया जाना है। हालांकि पहले यह संख्या ज्यादा थी लेकिन बाद में इनमें से कुछ संख्या घट गई है। फिलहाल लगभग ९ हजार ८०० साइकिलों के वितरण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कर दिया जाएगा।