मां की दिमागी हालत बिगड़ी, लालच देने वाले व्यापारी पर नहीं हुई कोई कार्रवाई
शहडोल/बिरसिंहपुरपाली. एक युवक की 10 रुपए के लालच में जान चली गई। युवक की मांग की दिमागी हालत खराब हो गई है और वह न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। पुलिस से लेकर प्रशासन तक लालच देने वाले व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रहाहै।
पाली थाना अंतर्गत स्थानीय प्रकाश चौराहे में बीते दिन फल व्यापारी मनोज तिवारी ने अपनी दुकान में काम कर रहे युवक कृष्ण सिंह सोलंकी को 10 रुपये का लालच दिया और कहा कि बिजली के खम्भे पर चढ़कर दुकान के ऊपर त्रिपाल लगा दो। बताया जाता है कि युवक त्रिपाल लगाने जैसे ही खंबे के ऊपर चढ़ा वैसे ही खंबे पर लगे मीटर की खुली नंगी तार की चपेट में युवक आ गया और तकरीबन 15 मिनट तक उसी विद्युत प्रवाहित तार में चिपका रहा। जिसके बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। ह्रदयविदारक हुये इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया। जहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना का कौन जिम्मेदार है यह तो पुलिस की जांच के बाद सामने आएगा। इस घटना के बाद मृतक युवक की माता कुंती बाई पुत्र के विलाप में पागल सी हो गयी है। वही मृतक के भाई का कहना है कि घटना के बाद फल व्यापारी ने अंत्येष्टि के लिए मदद की बात कही थी लेकिन कोई भी मदद नही मिल सकी है। इस मामले में पीडि़त पक्ष ने मानपुर विधायक मीना सिंह से भी अपनी व्यथा सुनाई है, परन्तु अब तक उन्हें कोई भी प्रशासनिक मदद नही मिल सकी है। विदित हो कि मृतक युवक का परिवार अत्यंत गरीब है,जो दिन भर मजदूरी आदि कर स्टेशन में ही सो जाता था और फिर सुबह पेट की आग बुझाने मेहनत मजदूरी करने निकल जाता था। इस मामले में विवेचक शशि कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवश्यक कार्यवाही कर मामले में मर्ग कायम किया गया है एवं घटना के कारणों की जांच की जा रही है।