शाहजहांपुर

नौकरी का झांसा देकर सात युवकों को तमिलनाडु में बेचा, बंधक बनाकर जबरन कराया जाता था फैक्ट्री में काम…

नौकरी दिलाने के नाम पर मानव तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। कैद से छूटे युवकों ने सुनाई आपबीती।
2 min read
• •
Updated: 31 May 2018, 1:17 PM IST
human trafficking
human trafficking

शाहजहांपुर। जिले में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नौकरी दिलाने के नाम पर मानव तस्करी की जा रही है। क्षेत्र के याकूबपुर निवासी एक शख्स युवकों को नौकरी दिलाने की बात कहकर अपने साथ तमिलनाडु ले गया और एक फैक्ट्री में बेच दिया। किसी तरह फैक्टरी मालिक की कैद से भागे सात युवक शाहजहांपुर पहुंचे और पुलिस को सारी बात बताई। युवकों का आरोप है कि मानव तस्करों ने उनके साथ जमकर मारपीट की जिसके बाद बंधक बने युवक मौका पाकर वहां से भाग निकले। युवकों ने जलालाबाद पुलिस को इस मामले में तहरीर दी है।फिलहाल मामला मानव तस्करी से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला
मामला थाना जलालाबाद क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर का है। यहां रहने वाले मोहम्मद इश्तियाक ने पुलिस को बताया कि याकूबपुर निवासी एक व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर 20 मई को उसे व उसके अन्य साथियों सर्वेश, नाजिम, आदेश ,हनीफ, आरिफ, समेत सात लोगों को अपने साथ आगरा ले गया था। यहां उसने उन युवकों को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया और खुद वहां से चला गया। वो शख्स उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर आगरा से तमिलनाडु के चिल्लुपुर स्टेशन पर लेकर पहुंचा। वहां वो स्टेशन से कई किलोमीटर दूर पैदल चलाकर उन्हें किशमिश की फैक्ट्री में ले गया।

युवकों का आरोप है कि किशमिश फैक्ट्री में उन्हें बंधक बनाकर काम कराया जाता था। दिन भर काम कराने के बाद रात को सभी मजदूरों को एक कमरे में बंद कर दिया जाता था। काम के पैसे भी उन्हें नहीं मिलते थे। जब उन लोगों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। इस मामले में जब पीड़ितों ने फैक्ट्री में पहले से काम कर रहे मजदूरों से बात की तो पता चला कि जो युवक नौकरी के नाम पर उनको आगरा लेकर गया था, उसने एक मोटी रकम लेकर उन्हें फैक्ट्री मालिक को बेच दिया है। रुपया देने के बाद या काम करके अदा होने पर ही वह लोग यहां से बाहर जा सकते हैं। इसके बाद सभी ने वहां से भागने का प्लान बनाया और मौका पाकर सब फैक्ट्री से भाग निकले। मजदूरों की मानें तो फैक्ट्री में पैसा ना मिलने के कारण सभी लोग स्टेशन पहुंचे और वहां से शाहजहांपुर आने वाली ट्रेन पर बिना टिकट ही सवार हो लिए और जान बचाकर किसी तरह मंगलवार को जलालाबाद पहुंचे। यहां पहुंच कर सभी मजदूरों ने थाना कोतवाली जलालाबाद में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।

अभी भी फंसे हैं कई मजदूर
भागकर आये इश्तियाक ने पुलिस को बताया कि इलाके के सिकंदरपुर गांव के भी छह लोग नौकरी के नाम पर ले जाए गये थे। वे सभी अब भी वहां फंसे हुए हैं। सभी से जबरन काम लिया जा रहा है। इस मामले में जलालाबाद कोतवाली प्रभारी इंद्र कुमार ने बताया कि युवकों द्वारा तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जायेगी। मुकदमा लिखकर मामले के आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

Updated on:
31 May 2018, 1:17 PM IST
Published on: