
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर पुलिस ने अन्तरजनपदीय लुटेरों के गैंग का खुलासा किया है, जिसमें पुलिस ने चार बेहद शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये लुटेरे कच्छा बनियान पहनकर घरों में लूट की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने पकड़े गये लुटेरों के पास से असलाह और लूटी गई नकदी बरामद की है। फिलहाल पुलिस कच्छा बनियान गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
अन्य लुटेरों की तलाश
दरअसल पकड़े गये इस कच्छा बनियान गिरोह के सदस्यों ने हाल ही में दो थाना क्षेत्रों में लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद पुलिस इस गिरोह की तलाश में जुटी थी। इसके बाद आज मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबन्दी करके और मुठभेड़ के बाद इस गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानें तो ये गिरोह कच्छा और बनियान पहन कर रात में घरों में घुस जाते हैं और परिवार पर हमला करके उसे लूट लेते हैं। घटना को अंजाम देने के बाद ये गिरोह दूसरे जिले में चले जाते थे। पकड़े गये लुटेरों के नाम विजयवीर, नाबिर, शानू और शमशुल हैं। पुलिस ने पकड़े गये कच्छा बनियान लुटेरों के पास से असलाह, कारतूस के साथ 20 हजार की नकदी भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के दो सदस्य अजयपाल और नरदीप अभी फरार हैं जिनकी जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
लूट के दौरान बेरहमी से की पिटाई
वहीं दूसरी ओर पीड़ित अमनदीप खुलासे के वक्त जब पुलिस के पास पहुंचा तो लुटेरों को देखते ही उसे अपने घर में हुई वारदात की बात याद आ गई। पीड़ित अमनदीप की मानें तो जिस वक्त लुटेरे घर में लूट की वारदात को अंजाम दे रहे थे तो घर के सभी सदस्यों की बेरहमी से पिटाई भी कर रहे थे। हम लोगों ने इन लोगों से गुहार भी लगाई कि जो भी ले जाना है ले जाओ लेकिन हम लोगों को बख्श दो इसके बावजूद ये लुटेरे नहीं माने और लूटपाट के साथ घर के सभी लोगों की बेरहमी से पिटाई करते रहे।