कहां-कहां है नौनिहालों को खतरा, जानकारी दें
शाजापुर. मो. बड़ोदिया विकासखंड के मोदीपुर में बिना मुंडेर का कुआं बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। मामला पत्रिका में प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग को नौनिहालों का ध्यान आया और उसने जिले के सभी स्कूलों से इस संबंध में जानकारी मंगवाई है, ताकि जहां भी ऐसी समस्या हो उसे दूर किया जा सके।
मोदीपुर मावि व प्रावि में 30 फीट गहरा सूखा कुआ है। इस कारण कभी भी विद्यार्थी हादसे का शिकार हो सकता है। हालांकि जिम्मेदारों ने कंटीली झाडिय़ां लगा दी हैं, लेकिन इससे बच्चों की सुरक्षा पुख्ता नहीं हो जाती। यही वजह रही कि खबर प्रकाशित होने के बाद देर से ही सही लेकिन अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा की याद आई और डीपीसी कार्यालय ने जहां-जहां भी बिना मुंडेर के कुएं, बोरवेल या खुले गड्ढे हैं उनकी जानकारी मंगवाई है। डीपीसी ने जिले के सभी शासकीय स्कूल प्रभारियों से कहा है कि जहां ऐसी स्थिति है उसकी जानकारी वाट्सअप पर भिजवाएं। जनपद पंचायतों को भी लेटर लिखे और स्थिति से अवगत कराएं।
हो चुके हैं हादसे
मोदीपुर स्थित शासकीय मावि व प्रावि एक ही परिसर में लगते हैं। दोनों स्कूलों में 44 विद्यार्थी हैं। हालांकि अब तक किसी बच्चे के साथ हादसा तो नहीं हुआ, लेकिन ग्रामीणों के मवेशी कुएं में गिर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी वहां पदस्थ स्टाफ ने इसकी शिकायत नहीं की।
निर्देश जारी कर दिए हैं
पूरे जिले में निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि जहां भी खुले बोरवेल, कुएं, बावड़ी हो उसकी जानकारी भिजवाएं ताकि सभी जगह एक साथ इस प्रकार की समस्या का समाधान किया जा सके। एक-दो दिन में जानकारी आने पर तुरंत इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
राजेंद्र शिप्रे, डीपीसी-शाजापुर
स्कूल में जो कुआं है, उससे बच्चों को खतरा जरूरी है। पंचायत में ठहराव-प्रस्ताव किया जाएगा और सभी की सहमति से नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। एक सप्ताह में कुएं को बंद कर देंगे।
लक्ष्मीनारायण परमार, सरपंच मोदीपुर-बेदारनगर