शाजापुर

चुनाव के चार साल बाद गांव पहुंचने वाले सांसद का विरोध कर बुरे फंसे ग्रामीण, जानिए मामला

मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज किया गया प्रकरण , लोगों ने लगाए नारे जब चुनाव आते है तभी हमारे गांव में आते हो वापस चले जाओ
2 min read
• •
Updated: 8 Jul 2018, 12:16 PM IST
patrika
चुनाव के चार साल बाद गांव पहुंचने वाले सांसद का विरोध कर बुरे फंसे ग्रामीण, जानिए मामला

शुजालपुर. देवास शाजापुर के सांसद मनोहर ऊंटवाल को शुक्रवार को अकोदिया के समीप हडलायकलां गांव में भ्रमण के दौरान काले झंडे दिखाने और वाहन का रास्ता रोकने मामले में हुई शिकायत के बाद अकोदिया पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया। सासंद के काफिले को रोकने का प्रयास करने वाले और काले झंडे दिखाने वाले लोगो के मामले में दर्ज हुई एफआईआर के बाद पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सांसद ऊंटवाल कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हड़लायकलां में आयोजित दो भवनों के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंहुचे थे। इस दौरान भवन निर्माण स्थल का चयन तालाब भूमि में होने का आरोप लगाते हुए सांसद बनने के बाद पहली बार गांव में पंहुचे सांसद ऊंटवाल को कुछ लोगों द्वारा काले झंडे दिखाए गए थे।

इस मामले में शनिवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष पोलायकलां कैलाश पटेल पिता हरिचरण पटेल ने अकोदिया पुलिस थाने में आवेदन दिया जिसपर पुलिस ने आईपीसी की धारा 341, 294, 34 के तहत अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। मंडल अध्यक्ष ने पुलिस को अपनी शिकायत में कहा कि जब सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधी हडलायकलां गांव में भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पंहुचे तो वहां पर भोजराज परमार के घर के समीप कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान 6 -7 लोगों ने काले झंडे दिखाते हुए चिल्ला चोट करते हुए अश्लील शब्दों का उपयोग किया और कहा कि जब चुनाव आते है तभी हमारे गांव में आते हो वापस चले जाओ।

पुलिस ने इस शिकायत के बाद प्रकरण दर्ज कर लिया। गौरतलब है कि पुलिस को हुई अज्ञात लोगो के विरूद्ध इस शिकायत के मामले में रास्ता रोककर काले झंडे दिखाने वाले लोगों का वीडियो व फोटो सोशल मिडिया पर वायरल हो चुका है। पुलिस अकोदिया द्वारा दर्ज किए गए प्रकरण में विस्तृत विवेचना की जा रही है।

Published on: