शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापुरा मोहल्ले में बुधवार देर रात दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना पढ़ गया कि, दोनो तरफ से एक दूसरे पर जमकर पथराव शुरु हो गया।
शाजापुर/ मध्य प्रदेश में शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नयापुरा मोहल्ले में बुधवार देर रात दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना पढ़ गया कि, दोनो तरफ से एक दूसरे पर जमकर पथराव शुरु हो गया। घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इधर, जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनो पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। कुछ लोग तो पुलिस पर भी नाराजगी जताते नजर आए, उनका आरोप था कि, उनके इलाके के लोग तो अपने घरों में थे। उनपर दूसरे मौहल्ले से आए लोगों ने पथराव किया। वहीं, पुलिस उन्हें पकड़ने के बजाए, दूसरे पक्ष के लोगों से पूछताछ में जुटी है।
20-25 मिनट तक हुई पत्थरबाजी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीरकलां बाजार इलाके के नयापुरा क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10.30 बजे दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि, दोनो और जमकर पत्थरों की बरसात होने लगी। बताया जा रहा है कि करीब 20-25 मिनट दोनों पक्ष एक-दूसरे के घरों पर पत्थर फेंकते रहे। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस के वाहनों को उपद्रवियों ने क्षति पहुंचाई। हालांकि टीआई अजय तिवारी के अनुसार विवाद बढ़ने के पहले ही पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया था।
ये था माजरा
विवाद में शामिल एक पक्ष के लोगों ने मामला पुलिस में भी दर्ज कराया है। उनका कहना है कि, कुछ असामाजिक तत्व उनके इलाके में घुसकर आए दिन महिलाओं से छेड़छाड़ करते हैं, जिसपर विवाद की स्थिति बनना अब आम बात हो गई है। उन्होंने बताया कि, ये न सिर्फ महिलाओं के साथ छेड़खानी करते हैं बल्कि, वाहनों में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी हर कभी करते रहते हैं। ऐसा ही एक माजरा बुधवार रात 10:30 बजे भी देखने को मिला। जब दोनों पक्षों में विवाद हुआ और और शरारती तत्वों ने करीब आधा दर्जन घरों पर पथराव किया। इसमें करीब 6 लोग घायल हुए।
आरोपियों की तलाश शुरु
मौके पर पहुंची पुलिस ने शरारती तत्वों को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का प्रयोग भी किया। कोतवाली टीआई तिवारी के अनुसार हालात को तुरंत ही नियंत्रण में कर लिया गया था। फरियादी पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर एफआईआर दर्ज कर दी है। फिलहाल, आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है।
लोगों ने लगाए ये आरोप
लोगों का कहना है कि नज़दीक के मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवक बेवजह यहां आकर खड़े रहते हैं, जिसके कारण इलाके के लोगों को परेशानी होती है। बुधवार को उन्हीं युवकों ने अपने साथियों के साथ एक राय होकर मोहल्ले पर पथराव किया। जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को चोट आई हैं। पथराव के बाद नयापुरा में दहशत का माहौल है। बता दें कि, जिस समय दोनो पक्षों के बीच जिस इलाके में पथराव हुआ, वहां अधिकांश लोग सो चुके थे। घरों पर पत्थर पड़ने की आवाज सुनकर घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए।