
शाजापुर. जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर ग्राम टिटोड़ी में रविवार दोपहर आयशर और कार की भिडं़त में जिला अस्पताल के पूर्व सिविल सर्जन सहित एक अन्य युवक की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर घायल हो गया।
घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है। कार (एमपी 09 सीक्यू-1041) से पूर्व सिविल सर्जन व चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. हरकचंद्र (63) पिता मोहनसिंह सिसौदिया निवासी नईसड़क शाजापुर आ रहे थे। दिल्ली से रामशरण (60) पिता काशीराम निवासी दिल्ली आयशर से खंडवा जा रहा था। टिटोड़ी के पास बाइक के सामने आ जाने से डॉ. सिसौदिया कार से संतुलन खो बैठे और आयशर से भिड़ंत हो गई। इससे आयशर खंती में उतर गया, जबकि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सड़क किनारे लिफ्ट लेने के लिए खड़ा करजू निवासी राजेश (22) पिता अमरसिंह बागरी भी चपेट में आ गया। लोगों ने दोनों वाहन चालकों और ट्रक के नीचे से राजेश को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जो घायलों को जिला अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टर ने डॉ. सिसौदिया व राजेश को मृत घोषित कर दिया। रामशरण को पैर में फ्रैक्चर होने से जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक सामने आ जाने से हुआ हादसा
रामशरण ने बताया वह तो अपनी साइड से चल रहा था। मुझे सिर्फ इतना याद है कि कोई बाइक वाला कार के सामने आ गया था। जिसे बचाने के चक्कर में कार उनके ट्रक के सामने आ गई और टक्कर हो गई।
अस्पताल में लग गई लोगों की भीड़
हादसे की खबर लोगों को लगी तो अस्पताल में भीड़ लगना शुरू हो गई। जनप्रतिनिधि, डॉक्टर्स और नगरवासी हर कोई हादसे की जानकारी जुटाने में लग गया। डॉ. सिसौदिया के परिजनों को भी हादसे की सूचना दी गई जो शाम 4 बजे तक जिला अस्पताल पहुंचे। इधर राजेश का भी पीएम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद गांव छाया मातम
राजेश के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया हमें नहीं पता राजेश कहां जा रहा था। उन्होंने कहा राजेश कभी-भी बगैर बताए कहीं नहीं जाता था, लेकिन इस बार उसने हमें भी कुछ नहीं बताया। परिजनों के मुताबिक राजेश की पत्नी गर्भवती है जिसे अभी तक हम लोगों ने इस बारे में नहीं बताया है।