सोमवार को राहुल की जनसभा रद्द हाेने के बाद मांगी गई थी रोड शो की अनुमति कैराना लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्‍मीदवार हरेंद्र मलिक के समर्थन में प्रियंका को करना था रोड शो डीएम ने कहा, प्रशासन पर लगाए गए आरोप निराधार
शामली। कैराना लोकसभा क्षेत्र में मंगलवार को प्रियंका गांधी का रोड शो नहीं हुआ। इसके पीदे जहां कांग्रेसी प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं डीएम ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर इसके लिए कांग्रेसियों को ही दोषी ठहराया। इससे पहले सोमवार को भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा को रद्द कर दिया गया था। इस वजह से मंगलवार को कांग्रेस उम्मीदवार हरेंद्र मलिक के समर्थन में रोड शो का कार्यक्रम रखा गया था।
डीएम ने रखा अपना पक्ष
शामली में मंगलवार होने वाले प्रियंका गांधी के रोड शो को रद्द करने के पीछे जिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह अपना पक्ष रखा है। डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात कांग्रेसियों ने रोड शो की अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने एसडीएम सदर को जांच के बाद परमीशन दिए जाने की बात कही थी। यह अनुमति थाने से क्लीयर होते हुए एसडीएम के द्वारा दे दी गई थी। इसके बाद रात 10 बजे तक कोई भी एसडीएम के पास अनुमति लेने के लिए नहीं आया। डीएम ने बताया कि जिसके नाम से परमीशन ली गई थी, जब उसको फोन कर पूछा गया तो उन्होंने इसे ले जाने से इंकार कर दिया। उनकी तरफ से बताया गया कि अब वे कार्यक्रम नहीं कर रहे हैं। ऐसे में जो लोग प्रसाशन पर परमीशन ना देने का आरोप लगा रहे हैं, वे बिल्कुल निराधार है।
प्रशासन पर लगाया था आरोप
आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेसी प्रशासन पर रोड शो को अनुमति नहीं देने का आरोप लगा रहे थे। इसे देखते हुए कई कांग्रेसियों में नाराजगी भी देखी गई थी। वहीं, सोमवार को रद्द हुई राहुल गांधी की जनसभा के पीछे भी कांग्रेसियों ने प्रशासन का हाथ बताया था।
UP Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App .